28 मिनट का इंतज़ार खत्म, अब 7 मिनट 25 सेकेंड में पहुंच रही 108 एम्बुलेंस, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में यूपी बना देश में अव्वल!

उत्तर प्रदेश में एम्बुलेंस सेवाओं की रफ्तार ने आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर बदल दी है। कभी 108 एम्बुलेंस को पहुंचने में 28 मिनट से ज्यादा लगते थे, अब औसतन 7 मिनट 25 सेकेंड में मरीज तक पहुंच रही है। आधुनिक तकनीक, GPS ट्रैकिंग और मजबूत एम्बुलेंस नेटवर्क से यूपी ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में नया रिकॉर्ड बनाया है।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ : उत्तर प्रदेश में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं का औसत रिस्पांस टाइम (मरीज तक पहुंचने का समय) लगभग 4 गुना तक कम हो गया है। जीपीएस ट्रैकिंग, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और नई तकनीक से लैस एम्बुलेंसों के बेड़े ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई गति दी है। बता दें कि राज्य के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के आंकड़ों से इस सुधार की स्पष्ट तस्वीर सामने आती है।आम मरीजों और आपातकालीन स्थितियों के लिए समर्पित 108 एम्बुलेंस सेवा का औसत रिस्पांस टाइम वर्ष 2014 में 28 मिनट 12 सेकेंड हुआ करता था। वर्ष 2025 में यह घटकर मात्र 7 मिनट 25 सेकेंड रह गया है। इस सेवा के माध्यम से अब तक 3.57 करोड़ से अधिक लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए संचालित 102 एम्बुलेंस सेवा का रिस्पांस टाइम भी वर्ष 2014 के 19 मिनट 10 सेकेंड से कम होकर 2025 में 6 मिनट 58 सेकेंड पर आ गया है। इससे 9.62 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को मदद मिली है और प्रदेश में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में बड़ी सफलता मिली है।अति गंभीर मरीजों की जान बचाने के लिए संचालित एएलएस एम्बुलेंस का रिस्पांस टाइम भी 2014 के लगभग 30 मिनट से घटकर 6 मिनट 31 सेकेंड हो गया है। इन एम्बुलेंसों में वेंटिलेटर और डिफिब्रिलेटर जैसे आधुनिक जीवनरक्षक उपकरण मौजूद हैं, जिनसे 7.14 लाख से अधिक गंभीर मरीजों की जान बचाई गई है।

कैसे आया यह बदलाव?

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल के मुताबिक, प्रदेश में वर्तमान में कुल 4,845 एम्बुलेंस (2,270 एम्बुलेंस 102 सेवा के तहत, 2,200 एम्बुलेंस 108 सेवा के तहत और 375 ALS एम्बुलेंस) दिन-रात संचालित हो रही हैं। योगी सरकार के कार्यकाल में पुरानी और जर्जर हो चुकी एम्बुलेंसों को हटाकर 2,200 से अधिक नई और आधुनिक एम्बुलेंसों को बेड़े में शामिल किया गया।लखनऊ स्थित सेंट्रलाइज्ड कॉल सेंटर से हर एम्बुलेंस की जीपीएस के ज़रिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाती है। जैसे ही किसी मरीज या परिजन का कॉल आता है, सबसे नज़दीकी एम्बुलेंस को तुरंत लोकेशन भेज दी जाती है, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में भी अब कुछ ही मिनटों में चिकित्सा सहायता पहुंच रही है। पिछले आठ वर्षों में इन सेवाओं से कुल 13.26 करोड़ से अधिक मरीजों को सीधा लाभ मिला है।

Author