2027 विधानसभा चुनाव की आहट के साथ यूपी पुलिस में बड़ी सर्जरी: नोएडा के 45 इंस्पेक्टरों समेत प्रदेश भर में 183 निरीक्षकों का तबादला

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल हुआ है। DGP मुख्यालय के आदेश पर प्रदेश के 183 इंस्पेक्टरों का तबादला किया गया है, जिनमें नोएडा कमिश्नरेट के 45 निरीक्षक शामिल हैं। तबादलों के बाद गौतमबुद्ध नगर के थानों और चौकियों में भी बड़े बदलाव होने की संभावना है।

News Diary Today | Noida News

लखनऊ/उत्तर प्रदेश | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल शुरू हो गया है। 25 नवंबर 2026 को पुलिस महानिदेशक (DGP) मुख्यालय, लखनऊ की ओर से जारी आदेश के तहत पूरे प्रदेश में कुल 183 निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) के तबादले किए गए हैं, जिसमें गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) पुलिस कमिश्नरेट के 45 निरीक्षक शामिल हैं। बता दें कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और पुलिस स्थापना बोर्ड के अनुमोदन के बाद यह सूची जारी की गई है। इसके तहत उन अधिकारियों को हटाया गया है जो अपने गृह जनपद में तैनात थे या जिन्होंने 31 मई 2027 तक पिछले चार वर्षों की अवधि में एक ही जिले में तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है।नोएडा कमिश्नरेट से स्थानांतरित किए गए 45 निरीक्षकों को आगरा, लखनऊ, कानपुर नगर, गाजियाबाद, मेरठ, प्रयागराज और गोरखपुर समेत प्रदेश के विभिन्न कमिश्नरेट और पुलिस जोन में नई तैनाती दी गई है। DGP मुख्यालय ने सभी स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं।183 इंस्पेक्टरों की इस तबादला सूची में कानपुर कमिश्नरेट से 64 और लखनऊ कमिश्नरेट से 56 निरीक्षकों को भी बाहर भेजा गया है।45 निरीक्षकों के एक साथ जिले से बाहर जाने के बाद अब गौतमबुद्ध नगर के स्थानीय थानों और चौकियों के प्रभारियों में भी बड़े बदलाव तय माने जा रहे हैं। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग ने 30 नवंबर तक प्रशासन और पुलिस विभाग के अन्य पात्र अधिकारियों के तबादलों की अनुपालन रिपोर्ट तलब की है, जिससे आने वाले दिनों में सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) और अन्य रैंक के अधिकारियों के भी तबादले होने की पूरी संभावना है।

Author