यूपी के गन्ना किसानों को बड़ी सौगात : योगी सरकार ने समर्थन मूल्य 30 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाया

:- 2025-26 पेराई सत्र से लागू होगा नया रेट

न्यूज़ डायरी,लखनऊ।

उत्तर प्रदेश के करीब 45 लाख गन्ना किसानों को बुधवार को बड़ी राहत मिली है। राज्य सरकार ने गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई दरों के अनुसार, अगैती प्रजाति का दाम 370 से बढ़कर 400 रुपये और सामान्य प्रजाति का मूल्य 360 से बढ़ाकर 390 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। यह दरें आगामी 2025-26 के पेराई सत्र से लागू होंगी। गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि सरकार किसानों की आय को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासशील है। उन्होंने बताया कि बीते सात वर्षों में कुल 85 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो अब तक की सबसे बड़ी दर वृद्धि है। इसके साथ ही यूपी, महाराष्ट्र और कर्नाटक की तुलना में गन्ना मूल्य के मामले में सबसे आगे हो गया है।

मंत्री ने बताया कि मौजूदा योगी सरकार के दौरान चीनी उद्योग को नई गति मिली है। राज्य में अब 122 चीनी मिलें संचालित हो रही हैं, जिनमें से कई बंद मिलों को दोबारा चालू किया गया है। आठ वर्षों में 12 हजार करोड़ का निवेश हुआ, चार नई मिलें स्थापित हुईं और 42 मिलों की क्षमता बढ़ाई गई। गन्ना भुगतान के मामले में भी रिकॉर्ड बनाया गया है। 2017 से अब तक 2 लाख 90 हजार 255 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों ने दस वर्षों में मात्र 1 लाख 47 हजार 346 करोड़ रुपए का भुगतान किया था।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.