मसूरी के जिस होटल में हुई थी दारा सिंह और किंग कॉन्ग की कुश्ती , आज जलकर हुआ राख


मसूरी।
उत्तराखंड के मसूरी में कैमल बैक रोड स्थित एक होटल में भीषण आग लग गई। यहां दो गाड़ियां जलकर राख हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं। फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि होटल में मैनेजर सहित 8 लोग मौजूद थे। पुलिस ने उनका सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया है। आग लगने के बाद लपटें पूरे इलाके में छा गईं।

जानकारी के अनुसार, यह घटना कुलड़ी के कैमल बैक रोड स्थित होटल रिंक में हुई है। आग इतनी भयावह थी कि होटल के नीचे खड़ी गाड़ियां भी चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि होटल में इन दिनों काम चल रहा था, इसलिए कमरे खाली थे। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। वहीं आग आसपास के रिहायशी इलाकों तक ना पहुंचे इसके लिए दमकल विभाग लगा हुआ है। वहीं आग लगने की वजह लोग शॉर्ट सर्किट मान रहे हैं। आग पर काबू पाने के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) बल की मदद ली जा रही है। होटल पूरी तरीके से जलकर राख हो चुका है और सड़क किनारे का हिस्सा कभी भी गिर सकता है। जिससे सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरीके से मुस्तैद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल काफी पुराना था, जिसमें अक्सर स्केटिंग की कई प्रतियोगिता आयोजित की जाती थी। वहीं, होटल में कुश्ती भी आयोजन की जाती थी। जिसमें 70 के दशक में किंग कोंग और दारा सिंह के बीच में कुश्ती भी आयोजित हुई थी। जिसको देखने के लिए मसूरी देहरादून और आसपास के लोग काफी संख्या में पहुंचे थे और इस कुश्ती को दारा सिंह ने जीता था।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]