सीएम केजरीवाल ने जताया दुख
नई दिल्ली:- दिल्ली के अलीपुर इलाके में एक गोदाम की दीवार गिरने के हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक़्त हुआ जब वहां निर्माण कार्य हो रहा था। घटना के तुरंत पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। दिल्ली पुलिस ने बताया कि दीवार गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई और घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया है। कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है जिसके लिए बचाव अभियान जारी है। दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, घटनास्थल से मलबा हटाया जा रहा है। घायलों को राजा हरिशचंद्र हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। एनडीआरएफ मौके पर राहत और बचाव कार्य मे जुटी है। बताया जा रहा है कि जिस गोदाम की दीवार गिरी है वहां करीब दो दर्जन लोग काम कर रहे थे। हादसे के बाद मलबे को जेसीबी मशीन आदि से हटाया जा रहा है। खबर लिखने तक बचाव कार्य जारी था।
मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त:
हादसे के तुरंत बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन राहत और बचाव के काम में जुटा हुआ है और वो खुद इस पर नजर रखे हुए हैं। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।