नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार में वित्त मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके केंद्र सरकार से इस बार के बजट में दिल्ली के विकास के लिए 10 हजार करोड़ रुपये देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग 2 लाख करोड़ रुपये इनकम टैक्स देते हैं। 25 हजार करोड़ सेंटर को जीएसटी देते हैं। बावजूद इसके केंद्र सरकार से बजट में दिल्ली को 1 रुपये भी नहीं मिलता है। यह दिल्ली के साथ अन्याय है।
आतिशी ने कहा कि दिल्ली वालों को उनका हक मिलना चाहिए। जब दिल्ली के लोग इमानदारी से टैक्स का पैसा जमा करते हैं तो हमें हमारे टैक्स का पैसा हमारे शहर के विकास के लिए क्यों नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि हम ये भी नही कह रहे हैं कि सारा पैसा हमे दे दो। हमें पता है कि दिल्ली जैसे बड़े शहर पूरे देश के इकोनामिक डेवलपमेंट में सहयोग करते हैं। दिल्ली के साथ जो अन्याय हो रहा है। ऐसा अन्याय किसी भी राज्य के साथ नहीं होता है। ये अन्याय भारत के साथ होता था जब अंग्रेजों का राज था।