कॉंग्रेस ने छठ पर की ड्राई डे की मांग

नई दिल्ली।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने यमुना स्थित छठ  घाट का दौरा करने के बाद छठ महापर्व पर ड्राई डे की अपनी मांग को एक बार फिर दुहराया। उन्होंने एलजी और दिल्ली सरकार से मांग की है कि छठ पर्व पर ड्राई डे की घोषणा की जाए। 

अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि दिल्ली की जनता प्रदूषण का डबल कहर झेल रही है, एक तरफ जहां हवा पूरी तरह दूषित हो रही है, वहीं सरकार की नकामियों के कारण यमुना का पानी पूरी तरह विषैला हो गया है। बड़े-बड़े विज्ञापन और बजट आंवटन के बावजूद सरकार ने तो राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण के लिए कोई सकारात्मक योजना बना पाई और न ही यमुना के पानी में घुलते जहर पर कोई नियंत्रण कर पाई है। 

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि छठ पर्व से पूर्व जनता सरकार की तैयारियों से असंतुष्ट है। सरकार की नाकामियां के कारण लाखों दिल्लीवासी पलायन कर अपने गांव में जाकर छठ पर्व मनाने को मजबूर हैं।

लवली ने कहा कि आने वाले 4 से 5 दिन बाद छठ महापर्व है। सरकार ने इसकी तैयारियों को लेकर सिंचाई विभाग को कोई निर्देश जारी नहीं किए हैं। दिल्ली सरकार ने यमुना में अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए हरियाणा सरकार से भी कोई बात नहीं की। ताकि पूर्वाचंल के लोग स्वच्छ पानी में पूजा अर्चना कर सकें। लवली ने कहा कि जब दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी, छठ से 10 दिन पहले ही संबंधित विभागों के साथ एसडीएम और उपायुक्तों को उचित व्यवस्था करने के निर्देश जारी कर दिए जाते थे।  हरियाणा सरकार से अनुरोध करके समय से यमुना में पानी छुडवाया जाता था। हर साल दिल्ली सरकार के मंत्री किश्ती में खड़े होकर फोटो तो खिचवाते हैं, पंरतु छठ महापर्व की तैयारियों को दुरस्त करने के लिए कोई पर्याप्त कार्यवाही नही करते हैं, जबकि छठ पूजा समिति अपने स्तर पर घाटों में प्रबंध कर रही है।