Delhi News : केंद्रीय मंत्री के आग्रह पर सीएम योगी ने सुबह 4 बजे खुलवा दिए ताजमहल के द्वार



नई दिल्ली :- उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ इस बार ताजमहल को सुबह 4 बजे खुलवा कर खबरों में हैं। ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी आम जनमानस के लिए ऐसे वक्त पर खोला गया।
दरअसल हमीरपुर की 21 छात्राओं ने सांसद भारत दर्शन योजना के तहत ताज के दीदार किए। इससे पहले उन्होंने लखनऊ में सीएम योगी से शिष्टाचार मुलाकात भी की थी।
अनुराग ठाकुर ने किया था आग्रह
आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की ओर से चलाए जा रहे सांसद भारत दर्शन योजना में रविवार को सूबे की 21 बेटियों ने आगरा में सुबह ताजमहल के दीदार किए। अनुराग ठाकुर के विशेष आग्रह पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देश पर सुबह 4:00 बजे प्रशासन ने ताजमहल को खोल दिया।
आगरा के बाद किए दिल्ली दर्शन
आगरा में ताजमहल का अवलोकन करने के पश्चात सभी छात्राएं दिल्ली पहुंचीं। जहां उन्हें टेरिटोरियल आर्मी मुख्यालय जाने का अवसर प्राप्त हुआ। बेटियों ने टेरिटोरियल आर्मी मुख्यालय का भ्रमण कर आर्मी के कामकाज, इसमें कॅरिअर और देश की सुरक्षा समेत अन्य कई पहलुओं को जाना और समझा। यहां पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की बेटियों ने सैन्य अधिकारियों की देखरेख में फायरिंग भी की।