ग्रेटर नोएडा में 300 बेड के KDSG सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन, CM योगी आदित्यनाथ ने किया शुभारंभ।

न्यूज़ डायरी टुडे, ग्रेटर नोएडा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-10 में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का विधिवत उद्घाटन किया। करीब 300 बेड क्षमता वाले इस अस्पताल का शुभारंभ रिबन काटकर किया गया। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण भी किया और इसे एनसीआर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

यह अस्पताल 1983 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल देव और उद्योगपति सुनील कुमार गुप्ता की पहल से स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कपिल देव और केडीएसजी समूह को बधाई देते हुए कहा कि इस आधुनिक अस्पताल से न केवल गौतम बुद्ध नगर बल्कि आसपास के जिलों और पूरे एनसीआर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य सेवा की असली परिभाषा केवल आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से नहीं, बल्कि सस्ती, सुलभ और विश्वसनीय चिकित्सा सेवा से तय होती है। मरीज जब डॉक्टर के पास आता है तो वह विश्वास लेकर आता है और डॉक्टर का व्यवहार ही कई बार मरीज की आधी बीमारी दूर कर देता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा में दवा और दुआ दोनों का महत्व है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देश के करोड़ों गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है और करीब 60 करोड़ से अधिक लोग इस योजना का लाभ ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक 5 करोड़ 60 लाख से अधिक आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 तक देश में केवल 6 एम्स थे, जबकि आज देशभर में 23 एम्स और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य संस्थान कार्यरत हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 से पहले केवल 17 मेडिकल कॉलेज संचालित थे, लेकिन अब “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” योजना के तहत प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 300 बेड के इस अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 1000 युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। इसमें डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियन और अन्य कर्मचारी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था में ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है। गौतम बुद्ध नगर जिले में जल्द ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) शुरू होने जा रहा है, जो देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। इसके अलावा मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, मेडिकल डिवाइस पार्क और अन्य औद्योगिक परियोजनाएं भी इस क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रही हैं।

इस अवसर पर कपिल देव ने कहा कि केडीएसजी की स्थापना इस सोच के साथ की गई है कि स्वास्थ्य सेवाएं आदर्श, सुलभ और पूरी तरह मरीज केंद्रित हों। ग्रेटर नोएडा जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में ऐसी संस्था की आवश्यकता थी और आज इस सपने को साकार होते देखकर गर्व महसूस हो रहा है।

अस्पताल में अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, मल्टी स्पेशियलिटी आईसीयू, कैथेटराइजेशन लैब, इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर सहित रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और न्यूक्लियर मेडिसिन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, पीडियाट्रिक्स और क्रिटिकल केयर मेडिसिन जैसी विशेषज्ञ सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।

अस्पताल का संचालन अजींक्य डीवाई पाटिल हेल्थकेयर द्वारा किया जाएगा, जो डॉ. अजींक्य डीवाई पाटिल के नेतृत्व में संचालित स्वास्थ्य सेवा संस्थान है। यह संस्था अपने चार दशकों के अनुभव और मजबूत क्लीनिकल गवर्नेंस के आधार पर अस्पताल का संचालन करेगी।

कार्यक्रम में प्रदेश के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधायक तेजपाल नागर, विधायक धीरेन्द्र सिंह, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित जिला प्रशासन, पुलिस और अस्पताल प्रबंधन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]