ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र के एक स्कूल में दो छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। डंडे के वार से कक्षा 8 के छात्र की आंख गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे दिल्ली एम्स रेफर किया गया। पीड़ित परिवार ने आरोपी छात्र के परिजनों पर भी मारपीट का आरोप लगाया है।
News Diary Today | Greater Noida News
G. Noida | ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के लतीफपुर बांगर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कक्षा आठ में पढ़ने वाले दो छात्रों के बीच मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक छात्र ने दूसरे छात्र की आंख पर डंडे (डांड) से जोरदार हमला कर दिया। डंडे की चोट इतनी घातक थी कि पीड़ित छात्र की आंख बुरी तरह फूट गई। घायल छात्र की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। इस वारदात के बाद पीड़ित परिवार के साथ मारपीट का भी आरोप है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है। बता दें कि लतीफपुर खादर गांव का रहने वाला 8वीं कक्षा का छात्र मोहित, लतीफपुर बांगर के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता है। शुक्रवार दोपहर लंच या खेल के दौरान उसका गांव के ही एक अन्य छात्र से किसी बात पर झगड़ा हो गया।बहसबाजी देखते ही देखते हिंसक हो गई और आरोपी छात्र ने स्कूल परिसर में ही पास पड़े एक डंडे से मोहित की आंख पर सीधे वार कर दिया। डंडा लगते ही मोहित लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आनन-फानन में परिजन घायल मोहित को लेकर पहले हरियाणा के एक नजदीकी अस्पताल भागे। लेकिन वहां आंख की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए और उसे तुरंत बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स (AIIMS) रेफर कर दिया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी आंख बचाने की कोशिश कर रहे हैं।पीड़ित छात्र के पिता रणजीत का आरोप है कि जब वे इस घटना की शिकायत करने आरोपी छात्र के घर पहुंचे, तो वहां आरोपी के परिजनों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की।
शनिवार शाम करीब 7 बजे पीड़ित पिता ने दनकौर कोतवाली पहुंचकर आरोपी छात्र और उसके परिवार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।