दो घरों में मिले 5 शव , मची सनसनी

नई दिल्ली।

राष्ट्रीय राजधानी में दो स्थानों पर दो घरों में 5 शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक घर में पति पत्नी का शव मिला ,तो दूसरी जगह पति पत्नी और उनकी मासूम बेटी मृत पाए गए। आशंका है कि पति ने कत्ल के बाद आत्महत्या की है।
पहला मामला पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित एमएस पार्क इलाके का है। इस मामले में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी अपने किराये के मकान में मृत मिला। दिल्ली पुलिस को संदेह है कि व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद पंखे से लटकर आत्महत्या कर ली। दिल्ली पुलिस के मुताबिक दोनों की एक साल पहले शादी हुई थी और वे उसी इलाके में अपने माता-पिता के पास किराये के मकान में रहते थे। अधिकारी के मुताबिक, शख्स अपने पिता की किराने की दुकान में काम करता था। पुलिस ने परिवार के सदस्यों के बयान ले लिए हैं और जांच जारी है।

जबकि दूसरी घटना बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके की है , जहां पति , पत्नी और बेटी का शव एक ही मकान से बरामद हुआ। इस मामले में पहले शख्स ने पत्नी और बेटी की धारदार हथियार से हत्या की। डीसीपी जिमी चिरम के अनुसार आरोपी अजय के शव को सबसे पहले उसके बेटे कुशल (22) ने देखा। कुशल ने घर को बंद पाया तो उसने खिड़की से झांका और भीतर अपने पिता को लटका हुआ पाया। कुशल ने तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक को दी, जिसने पुलिस को इस बारे में सूचित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।