Noida News : नोएडा के कैफे में बिना लाइसेंस छलक रहे थे जाम, आबकारी विभाग और पुलिस की छापेमारी में बार मैनेजर गिरफ्तार।

नोएडा के सेक्टर-118 स्थित एक कैफे में बिना वैध लाइसेंस शराब परोसने का मामला सामने आया है। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में बार मैनेजर गिरफ्तार किया गया, जबकि कैफे संचालक मौके से फरार हो गया।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | शहर में अवैध शराब परोसने वालों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है। ताजा मामले में नोएडा के सेक्टर-118 स्थित एक कैफे में बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी। आबकारी विभाग और सेक्टर-113 थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मौके से बार मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कैफे संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। बता दें कि उत्तर प्रदेश शासन और आबकारी आयुक्त के निर्देशों के तहत गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में अवैध शराब के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन पर शनिवार (21 नवंबर 2026) को आबकारी निरीक्षक (क्षेत्र-2) संजय कुमार और सेक्टर-113 थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सेक्टर-118 स्थित क्रिकेट ग्राउंड के पास बने ‘पफ एण्ड स्पाइस कैफे’ पर अचानक दबिश दी।

बिना इवेंट लाइसेंस चल रही थी शराब पार्टी!

छापेमारी के दौरान टीम ने पाया कि कैफे में बिना अनिवार्य इवेंट बार लाइसेंस (FL-11) के ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी। पुलिस और आबकारी टीम ने मौके से अल्मोड़ा (उत्तराखंड) निवासी बार मैनेजर चन्द्र मोहन (पुत्र दुर्गा सिंह) को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही कैफे का संचालक अंकुर सक्सेना मौके से फरार हो गया।

मौके से क्या-क्या हुआ बरामद?

तलाशी के दौरान टीम को कैफे से कुल 8.00 बल्क लीटर शराब बरामद हुई, जिसमें शामिल हैं बडवाइजर मैग्नम (Budweiser Magnum) बियर की 16 भरी हुई कैन (प्रत्येक 500 ml) तथा ब्लैक एण्ड वाइट (Black & White) विदेशी मदिरा की 2 खाली बोतलें (प्रत्येक 750 ml)‌बरामद की गई सभी बोतलों और कैन पर ‘फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश ओनली’ (For Sale in Uttar Pradesh Only) अंकित है।

आगे की कार्रवाई!

इस मामले में गिरफ्तार बार मैनेजर चन्द्र मोहन और फरार कैफे संचालक अंकुर सक्सेना के खिलाफ थाना सेक्टर-113, नोएडा में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार संचालक की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई को लेकर जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने कहा, “जनपद में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और बिना वैध लाइसेंस (FL-11) के शराब परोसने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी कैफे, रेस्टोरेंट या होटल में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में फरार कैफे संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के साथ समन्वय कर दबिश दी जा रही है और आगे भी ऐसे प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी जारी रहेगी।”

Author