शादी, फार्म हाउस पार्टी और न्यू ईयर सेलिब्रेशन में शराब परोसने की तैयारी कर रहे हैं तो पहले आबकारी विभाग के नियम जान लें। गौतमबुद्ध नगर में बिना FL-11 लाइसेंस शराब परोसने और दूसरे राज्यों की शराब मिलने पर आयोजक व वेन्यू संचालक, दोनों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लग सकता है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | शादियों के सीजन और आगामी नववर्ष (New Year) के जश्न को देखते हुए उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग ने कमर कस ली है। निजी पार्टियों, शादियों और अन्य समारोहों में शराब परोसने को लेकर विभाग ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नियमों के मुताबिक, किसी भी सार्वजनिक या निजी आयोजन स्थल पर शराब परोसने के लिए अस्थायी बार लाइसेंस (FL-11) लेना अनिवार्य कर दिया गया है। बता दें कि आबकारी विभाग की यह सख्ती सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर लागू होगी। जिनमें शामिल हैं क्लब और सोसाइटी के कम्यूनिटी हॉल,फॉर्म हाउस और रिसॉर्ट्स,बैंक्वेट हॉल और मैरिज गार्डन एवं होटल और रेस्तरां हॉल।
आबकारी विभाग की विशेष टीमें तैनात!
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन समारोहों में केवल उत्तर प्रदेश राज्य में बिक्री के लिए अनुमन्य (वैध) शराब का ही उपयोग किया जा सकता है। यदि किसी पार्टी में हरियाणा, दिल्ली या किसी अन्य राज्य की सस्ती या अवैध शराब का स्टॉक या सेवन पाया जाता है, तो इसे गंभीर अपराध माना जाएगा।
नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई!
यदि निरीक्षण के दौरान किसी आयोजन स्थल पर बिना FL-11 लाइसेंस के शराब परोसी जाती पाई गई, या किसी अन्य राज्य की शराब बरामद हुई, तो प्रशासन द्वारा कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस स्थिति में इवेंट बार लाइसेंस धारक/आयोजक और आयोजन स्थल (वेन्यू) के प्रबंधक या स्वामी—दोनों पर अलग-अलग 1,00,000 रुपये (एक लाख रुपये) का जुर्माना लगाया जाएगा।
गैर-प्रांतीय शराब की बिक्री और परोसने पर पूरी तरह रोक!
त्योहारों, शादियों और नववर्ष के आयोजनों के मद्देनजर जिले में अवैध व गैर-प्रांतीय शराब की बिक्री और परोसने पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। किसी भी क्लब, फॉर्म हाउस, बैंक्वेट हॉल या होटल में बिना FL-11 लाइसेंस के शराब परोसना गैरकानूनी है। यदि किसी आयोजन में अन्य राज्य की शराब पाई जाती है या नियमों का उल्लंघन होता है, तो आयोजक और वेन्यू स्वामी दोनों पर 1-1 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।”— सुबोध कुमार, जिला आबकारी अधिकारी (गौतमबुद्ध नगर)