Delhi Police issues lookout circular for Bobby Kataria : बॉबी कटारिया के लिए दिल्ली पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर
विमान में सिगरेट पीकर बनाई थी वीडियो
नई दिल्ली:- विवादास्पद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बलविंदर कटारिया उर्फ बॉबी कटारिया के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। बॉबी को जनवरी में स्पाइसजेट की फ्लाइट में कथित तौर पर सिगरेट पीते देखा गया था। इसके बाद से ही वह फरार चल रहे हैं। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमारी टीमों ने हाल ही में उनके एक ठिकाने पर छापा मारा था, लेकिन वह वहां नहीं मिले। अब उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। हम उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे।
बता दें कि अगस्त में एक वीडियो सामने आया था जिसमें बॉबी फ्लाइट में सिगरेट पीते नजर आ रहे थे। यह वायरल वीडियो जनवरी महीने का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए कहा था कि हम इसकी जांच कर रहे हैं। इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी मामले में दिल्ली पुलिस को स्पाइसजेट के मैनेजर जसबीर सिंह से शिकायत मिली थी और सेफ्टी और सिक्योरिटी उपायों के उल्लंघन के लिए नागरिक उड्डयन अधिनियम 1982 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
उत्तराखंड में है 25 हजार का इनाम:
वहीं, उत्तराखंड में सड़क के बीच कथित तौर पर शराब पीने के आरोप में भी कटारिया के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में एक और मामला दर्ज किया गया है। उत्तराखंड पुलिस ने देहरादून में सड़क पर टेबल लगाकर कथित तौर पर शराब पीने के मामले में फरार यूट्यूबर बॉबी कटारिया पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।


