धौलपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी : 7 दिन में ब्लाइंड केस का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार।

✍️ उत्तम दीक्षित |

:- सुनसान गली में महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला, CCTV और खुफिया सूचना से पुलिस को मिली सफलता

न्यूज़ डायरी टुडे | राजस्थान

धौलपुर, राजस्थान। धौलपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड केस का महज 7 दिन में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला एक तलाकशुदा महिला के साथ सुनसान गली में छेड़छाड़ और मारपीट से जुड़ा था, जिसने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।

क्या है पूरा मामला?
पीड़ित महिला ने 15 अप्रैल 2026 को महिला थाना धौलपुर में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि वह अपने बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए घरों में काम करती है।
घटना 11 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे की है, जब वह हरदेव नगर स्थित गोरे पान वाली गली से होकर काम पर जा रही थी। उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने सुनसान जगह का फायदा उठाकर उसे पकड़ लिया।

महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसका गला दबाया, मारपीट की और अश्लील हरकतें करने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया।

पुलिस ने कैसे सुलझाया ब्लाइंड केस?
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने :

  • इलाके के कई दर्जन CCTV फुटेज खंगाले
  • संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई
  • मानवीय आसूचना (Human Intelligence) का सहारा लिया

इन सभी प्रयासों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी शाहिद पुत्र सलीम कुरैशी, निवासी कसाईपाड़ा, पुराना शहर, थाना कोतवाली, धौलपुर को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया।

किन धाराओं में मामला दर्ज?
इस मामले में महिला थाना धौलपुर में प्रकरण संख्या 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की निम्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है: धारा 74,धारा 75(2),धारा 78(2),धारा 115(2),धारा 126(2)

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महज 7 दिन में आरोपी की गिरफ्तारी यह दर्शाती है कि धौलपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.