दिल्ली में ‘देवी’ योजना की सौगात : 400 नई इलेक्ट्रिक बसें राजधानी की सड़कों पर उतरीं

:- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिखाई हरी झंडी, महिलाओं को मिलेगा मुफ्त सफर का लाभ

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की जनता को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ‘देवी’ योजना के तहत 400 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सेवा नगर स्थित कुशक नाला डिपो से इन बसों की शुरुआत की गई।इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह व मनजिंदर सिंह सिरसा भी उपस्थित रह

छोटे रूटों पर चलेंगी ‘देवी’ बसें, 38 यात्री कर सकेंगे सफर

इन बसों में कुल 38 यात्रियों की क्षमता है, जिसमें 23 बैठने और 13 खड़े होकर यात्रा करने की सुविधा है। साथ ही एक व्हीलचेयर के लिए भी स्थान निर्धारित किया गया है। 400 में से 250 बसें 9 मीटर लंबाई की हैं, जो संकरी गलियों और छोटे मार्गों पर संचालित होंगी। वर्तमान में दिल्ली में चल रही डीटीसी बसों की लंबाई लगभग 13 मीटर है, जो इन गलियों में प्रवेश नहीं कर पाती थीं।

मोहल्ला बसों का नाम ‘देवी’ रखने की वजह

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली पर कालका माई, छतरपुर वाली माता और झंडेवालान वाली माता की विशेष कृपा रही है। इसलिए इन मोहल्ला बसों का नाम ‘देवी’ रखा गया है, जो श्रद्धा और सेवा का प्रतीक है ।

महिलाओं को मुफ्त यात्रा, किराया 10 से 30 रुपये

‘देवी’ बसों में महिला यात्रियों को पिंक टिकट के माध्यम से मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। वहीं सामान्य यात्रियों के लिए किराया 10 रुपये से 30 रुपये तक तय किया गया है। बसों में सुरक्षा के लिए 7 सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन भी लगाए गए हैं।

सिंगल चार्ज में 225 किलोमीटर का सफर, 45 मिनट में फुल चार्ज

ये इलेक्ट्रिक बसें एक बार फुल चार्ज होकर 225 किलोमीटर तक चल सकेंगी। बस को मात्र 45 मिनट में फुल चार्ज किया जा सकता है। गाजीपुर, नागलोई और ईस्ट विनोद नगर डिपो से फिलहाल इनका संचालन किया जाएगा।

2026 तक सार्वजनिक परिवहन होगा 100% इलेक्ट्रिक : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान कहा कि दिल्ली में वाहनों की वजह से 45% प्रदूषण होता है। इसे कम करने के लिए सरकार 2026 के अंत तक दिल्ली की पूरी सार्वजनिक परिवहन सेवा को 100 फीसदी इलेक्ट्रिक मोड पर लाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। जल्द ही एक नई ईवी नीति भी लाई जाएगी, जिसमें निजी इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष छूट दी जाएगी।

चार्जिंग स्टेशन व अन्य संसाधनों का होगा विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दिल्ली में बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन और आवश्यक संसाधनों का निर्माण करेगी ताकि यात्री सुविधाजनक और प्रदूषण रहित यात्रा का लाभ उठा सकें।

2080 ईवी बसें 2025 तक दिल्ली के बेड़े में होंगी शामिल

परिवहन विभाग के अनुसार, 2025 के अंत तक दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में कुल 2080 इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया जाएगा। यह योजना न केवल यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।

एआई (AI) तकनीक से होगी यमुना व कचरा सफाई

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि आने वाले समय में दिल्ली में यमुना सफाई और कचरा प्रबंधन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे स्वच्छता अभियान को मजबूती मिलेगी।

मुख्य बिंदु

  • 400 ‘देवी’ इलेक्ट्रिक बसें शुरू
  • महिलाओं को पिंक टिकट से मुफ्त सफर
  • बसें चलेंगी 12 किमी के छोटे रूट पर
  • सिंगल चार्ज में तय करेंगी 225 किमी का सफर
  • किराया: सामान्य 10–30 रुपये
  • 2026 तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट 100% इलेक्ट्रिक