October 10, 2026

Mann ki baat:मोदी के ‘मन की बात’ – सोशल मीडिया डीपी पर भी दिखे तिरंगा

0
IMG_20220731_135126

शहद की मिठास से लबरेज थी मन की बात

नई दिल्ली:- रविवार की सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 91वें एपिसोड को संबोधित किया। इसकी शुरुआत उन्होंने देश के आगामी स्वतंत्रता दिवस को लेकर अबतक हुई तैयारियों की जानकारी देते कहा कि इस बार वो अपील करते हैं कि 13 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक पूरे देशभर के लोग हर घर तिरंगा अभियान का हिस्सा बनें। यही नहीं उन्होंने देशवासियों को अपने अपने विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रोफइल डीपी(तस्वीर) भी तिरंगा लगाने की सलाह देते हुए कहा कि इस बार का स्वतंत्रता दिवस अभियान बहुत खास है। आज़ादी के अमृत महोत्सव में हो रहे इन सारे आयोजनों का सबसे बड़ा सन्देश यही है कि हम सभी देशवासी अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा से पालन करें। तभी हम उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों का सपना पूरा कर पायेंगे और उनके सपनों का भारत बना पाएंगे।

शहद उत्पादन की सुनाई कहानी:

मधुमक्खी पालक सुभाष कम्बोज की फ़ाइल फ़ोटो

पीएम मोदी ने आगे कहा कि हमारे किसान इन दिनों शहद के उत्पादन में ऐसा ही कमाल कर रहे हैं। शहद की मिठास हमारे किसानों का जीवन भी बदल रही है, उनकी आय भी बढ़ा रही है। हरियाणा के यमुनानगर जिले में एक मधुमक्खी पालक साथी रहते हैं सुभाष कंबोज जिन्होंने वैज्ञानिक तरीके से मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण लिया। उन्होंने केवल 6 बॉक्स के साथ काम शुरू किया था। आज वो दो हजार बक्सों में मधुमक्खी पालन कर रहे हैं। और उनका शहद कई राज्यों में सप्लाई होता है। 

पीएम मोदी ने कहा, ‘इसी तरह कर्नाटक के एक और किसान हैं मधुकेश्वर हेगड़े उन्होंने, भारत सरकार से 50 मधुमक्खी कॉलोनियों के लिए सब्सिडी ली थी। आज उनके पास 800 से ज्यादा कॉलोनियां हैं और वो कई टन शहद बेचते हैं। उन्होंने अपने काम में इनोवेशन किया। वो जामुन शहद, तुलसी शहद, आंवला शहद जैसे वानस्पतिक शहद भी बना रहे हैं। इसी तरह जम्मू के पल्ली गांव में विनोद कुमार जी भी डेढ़ हजार से ज्यादा कॉलोनियों में मधुमक्खी पालन कर रहे हैं। उन्होंने पिछले साल रानी मक्खी पालन का प्रशिक्षण लिया है। इस काम से वो हर साल करीब 15 से 20 लाख रूपए कमा रहे हैं। साथियों आप सब जानते हैं कि आयुर्वेद ग्रंथों में तो शहद को अमृत बताया गया है। शहद हमें आरोग्य भी देता है। ऐसे ही एक युवा हैं यूपी में गोरखपुर के निमित सिंह उन्होंने बी.टेक किया और उनके पिता डॉक्टर हैं, लेकिन पढाई के बाद नौकरी करने की जगह उन्होंने स्वरोजगार का फैसला लिया। उन्होंने भी शहद उत्पादन का काम शुरू किया। क्वालिटी चेक के लिए लखनऊ में एक लैब भी बनवाई। निमित जी अब शहद से अच्छी कमाई कर रहे हैं और अलग-अलग राज्यों के किसानों को प्रशिक्षित भी कर रहे हैं।

खिलौना उद्योग को भी सराहा:

पीएम ने कहा कि भारत के खिलौना सेक्टर को ट्रांसफार्म करते हुए भारतीय निर्माता अब भारतीय संस्कृति, इतिहास पर आधारित खिलौने बना रहे हैं। देश में जगह-जगह छोटे उद्यमियों के बनाए खिलौने अब दुनियाभर में जा रहे हैं। भारत के खिलौना निर्माता, विश्व के प्रमुख ब्रांडों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मुझे ये भी बड़ा अच्छा लगा कि हमारा स्टार्ट-अप्स सेक्टर भी खिलौनों की दुनिया पर पूरा ध्यान दे रहा है। बेंगलुरु में शूमी टॉयज़ नाम का इकोफ्रेंडली खिलौनों पर फोकस है। वहीं पुणे की एक कंपनी अपने खिलौनों और एक्टिविटी पजल्स के जरिये साइंस, टेक्नालजी और गणित जैसे विषयों में बच्चों की दिलचस्पी बढ़ा रही है। इसके साथ मैं पैरेंट्स से अपील करना चाहूंगा कि वे ज्यादा से ज्यादा भारतीय खिलौने, पजल्स और गेम्स खरीदें और भारतीय खिलौनों को दुनियाभर में और अधिक लोकप्रिय बनायें।

छात्रों को भी दीं शुभकामनाएं:

पीएम मोदी ने कहा, ‘कुछ दिन पहले ही देशभर में 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम भी घोषित हुए हैं। मैं उन सभी छात्रों को बधाई देता हूं जिन्होंने अपने कठिन परिश्रम और लगन से सफलता अर्जित की है। महामारी के चलते, पिछले दो साल, बेहद चुनौतीपूर्ण रहे हैं।इन परिस्थितियों में भी हमारे युवाओं ने जिस साहस और संयम का परिचय दिया, वह अत्यंत सराहनीय है। मैं सभी के सुनहरे भविष्य की कामना करता हूं। 

75 रेलवे स्टेशनों की होगी खास सजावट:

पीएम मोदी ने कहा, ‘देश की आजादी में भारतीय रेलवे का अहम योगदान है। ऐसे में देश के 75 रेलवे स्टेशनों की पहचान की गई है। जिनका देश की आजादी की लड़ाई में बहुत महत्वपूर्ण योगदान रहा। इन सभी 75 रेलवे स्टेशनों को 15 अगस्त के मौके पर विशेष तरीके से सजाया गया है। इसलिए मैं स्कूली बच्चों और शिक्षकों से अपील करता हूं कि वो सभी को नजदीक के उन रेलवे स्टेशन को दिखाने ले जाएं जहां पर आजादी के संग्राम के महत्वपूर्ण हिस्सों को सही तरह से समझा जा सके।’ 

इस अपील के साथ खत्म की मन की बात:

अपने संबोधन के आखिर में पीएम मोदी ने कहा, ‘देशवासियों, आज हमने आजादी के 75 साल पर देश की यात्रा के साथ अपनी चर्चा शुरू की अगली बार जब हम मिलेंगे तो हमारे अगले 25 साल की यात्रा भी शुरू हो चुकी होगी। इस 15 अगस्त को अपने घर और अपनों के घर पर हमारा प्यारा तिरंगा जरूर फहराया जाए इसके लिए सभी को जुटना होगा। वहीं आपने इस बार स्वतंत्रता दिवस को कैसे मनाया और क्या कुछ खास किया ये भी मुझसे जरुर साझा कीजिएगा।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed