खाताधारकों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाले बैंक कर्मी दीपांशी और साथी आशुतोष को जेल, गाजियाबाद CBI कोर्ट का बड़ा फैसला।

ग्रेटर नोएडा में खाताधारकों की करोड़ों रुपये की जमा पूंजी में सेंध लगाने वाले PNB घोटाले में बड़ा एक्शन हुआ है। 10.24 करोड़ रुपये की कथित बैंकिंग हेराफेरी के मामले में मुख्य आरोपी दीपांशी और उसके सहयोगी आशुतोष कुमार पाठक को गाजियाबाद की विशेष CBI अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया है। अब जांच एजेंसी इस पूरे घोटाले के मनी ट्रेल और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

News Diary Today | Greater Noida News

ग्रेटर नोएडा न्यूज़ | ग्रेटर नोएडा की बैंकिंग व्यवस्था को हिलाकर रख देने वाले पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के 10.24 करोड़ रुपये के बहुचर्चित घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) का शिकंजा और कस गया है। इस सनसनीखेज हेराफेरी के मुख्य आरोपी बैंक की सब-स्टाफ/ऑफिस असिस्टेंट दीपांशी और उसके सहयोगी आशुतोष कुमार पाठक को गाजियाबाद की विशेष सीबीआई अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बता दें कि दोनों आरोपियों की तीन दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड कल पूरी हो गई थी। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद सीबीआई की टीम ने कड़ी सुरक्षा के बीच दीपांशी और आशुतोष को गाजियाबाद स्थित विशेष सीबीआई कोर्ट में पेश किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और जांच एजेंसी द्वारा अब तक जुटाए गए सबूतों के आधार पर अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेजने का आदेश सुनाया। रिमांड के दौरान सीबीआई ने दोनों आरोपियों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की और पैसों के लेन-देन (मनी ट्रेल) से जुड़े कई अहम सुराग जुटाए।

कैसे रची गई थी 10 करोड़ की हेराफेरी की साजिश?

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह पूरा खेल ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 (Pi-1) स्थित पीएनबी शाखा में करीब तीन साल से चल रहा था।बैंक में ऑफिस असिस्टेंट के पद पर तैनात दीपांशी ने कथित तौर पर अन्य बैंक अधिकारियों की कोर बैंकिंग सिस्टम (CBS) यूजर आईडी और पासवर्ड का अवैध इस्तेमाल किया।आरोपियों ने खास तौर पर उन ग्रामीणों और किसानों के खातों को निशाना बनाया, जिन्हें जमीन अधिग्रहण के बदले मोटा मुआवजा मिला था या जिनकी बैंक में बड़ी एफडी (FD) जमा थी।ग्राहकों को भनक न लगे, इसके लिए शातिर तरीके से उनके खातों के एसएमएस (SMS) अलर्ट बंद कर दिए गए थे और फर्जी तरीके से एफडी तोड़कर रकम आशुतोष पाठक व अन्य लोगों से जुड़े अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी गई।मामले का भंडाफोड़ तब हुआ जब एक महिला खाताधारक अपनी पासबुक अपडेट कराने बैंक पहुंचीं और खाते से गायब रकम देखकर सन्न रह गईं। आंतरिक जांच में पता चला कि अनधिकृत लेन-देन से जुड़े वाउचर भी नष्ट कर दिए गए थे।बैंक प्रबंधन की शिकायत पर सीबीआई ने 29 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी और 3 नवंबर को दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। फिलहाल, जांच एजेंसी इस बात का पता लगा रही है कि विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए गए 10.24 करोड़ रुपये कहां-कहां निवेश किए गए हैं और इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Author