नोएडा में ‘अपने-अपने राम’ का भव्य आगाज हुआ। डॉ. कुमार विश्वास की भावपूर्ण रामकथा सुनने हजारों श्रोता उमड़ पड़े और वर्ल्ड्स ऑफ वंडर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। तीन दिवसीय आयोजन के पहले दिन श्रीराम जन्मोत्सव का प्रसंग प्रस्तुत किया गया।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं प्रमुख उद्यमी मुकेश शर्मा के सौजन्य से नोएडा में पहली बार आयोजित तीन दिवसीय भव्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम अपने-अपने राम’का शुक्रवार को वर्ल्ड्स ऑफ वंडर, सेक्टर-38 में शानदार शुभारंभ हुआ। बता दें कि पहले ही दिन प्रख्यात कवि एवं रामकथा मर्मज्ञ डॉ. कुमार विश्वास को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। पूरा कार्यक्रम स्थल श्रोताओं से खचाखच भरा रहा। भक्तों का उत्साह ऐसा था कि हर पंक्ति पर तालियां और जय श्रीराम के जयघोष से पंडाल गूंज उठा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुकेश शर्मा ने अपने पूरे परिवार के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुकेश शर्मा एवं उनके परिवार ने डॉ. कुमार विश्वास को प्रतीक चिन्ह भेंटकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पहले दिन – श्रीराम जन्मोत्सव
प्रथम दिवस डॉ. कुमार विश्वास ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के प्रसंग को अपनी विशिष्ट काव्यात्मक, भावपूर्ण एवं प्रभावशाली शैली में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रभु श्रीराम के जीवन, आदर्शों, मर्यादा और उनके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।डॉ. कुमार विश्वास की चर्चित पंक्तियां इस आयोजन की भावना को खूबसूरती से व्यक्त करती हैं –
राम सृष्टा भी हैं और सृष्टि भी,राम दृष्टा भी हैं और दृष्टि भी।
मुकेश शर्मा ने कहा – युवा पीढ़ी के लिए है यह आयोजन
इस अवसर पर आयोजक मुकेश शर्मा ने कहा, “‘अपने-अपने राम’ केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं है। इसके माध्यम से हमारा प्रयास युवा पीढ़ी को भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और पारिवारिक मूल्यों से परिचित कराना है। आज की युवा पीढ़ी को श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर अच्छे संस्कार और सकारात्मक विचार अपनाने चाहिए।उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे हजारों श्रोताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की सुविधा और सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था और आवागमन के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नोएडा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर ‘अपने-अपने राम’ का आयोजन करना उनके लिए सौभाग्य और गौरव का विषय है।तीन दिवसीय इस आयोजन में आगामी दिनों में भी डॉ. कुमार विश्वास श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को अपनी अनूठी शैली में प्रस्तुत करेंगे। दूसरे दिन सीताराम विवाह और तीसरे दिन श्रीराम राजतिलक का प्रसंग होगा।