लोक आस्था के महापर्व छठ का नोएडा में भक्तिमय आगाज हो गया है। शहर के 146 घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ेगा, वहीं नोएडा स्टेडियम में हरिद्वार से मंगाए गए 120 लीटर गंगाजल से छठ घाट को पवित्र किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 2500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत आज ‘नहाय-खाय’ के पावन अनुष्ठान के साथ हो गई है। पूरे शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नोएडा प्राधिकरण और विभिन्न सामाजिक समितियों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर भव्य घाट तैयार किए जा रहे हैं। बता दें कि इस वर्ष नोएडा में करीब 146 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इनमें सबसे बड़ा और भव्य छठ घाट नोएडा स्टेडियम में तैयार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की आस्था का विशेष ध्यान रखते हुए इस मुख्य घाट के जल को पवित्र करने के लिए हरिद्वार से 120 लीटर गंगाजल मंगाया गया है, जिसे घाट के पानी में मिलाया जाएगा।
प्रशासन अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा!
छठ की तैयारियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। शहर के 13 सबसे अधिक भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील घाटों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए करीब ढाई हजार (2,500) पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पीएसी (PAC) की दो कंपनियां भी तैनात की गई हैं।प्रशासन ने सभी घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, गोताखोरों और मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि व्रती और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सूर्य देव को अर्घ्य दे सकें।