नोएडा में बाइक सवार झपटमारों का आतंक बढ़ता जा रहा है। सेक्टर-75 में युवक से दिनदहाड़े मोबाइल छीना गया, तो चौड़ा गांव के पास तड़के ड्यूटी से लौट रही IT कर्मी युवती का नया iPhone 17 लूटकर बदमाश फरार हो गए।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | शहर में बाइक सवार लुटेरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते कुछ दिनों के भीतर नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल लूट की दो बड़ी वारदातें सामने आई हैं, जिससे आम लोगों और खासकर कामकाजी युवाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। बता दें कि पहली घटना सेक्टर-75 स्थित डेसनेक बुर्ज सोसाइटी (Dasnac Burj) के सामने की है। पीड़ित युवक राहुल कुमार तिवारी 10 नवंबर की शाम करीब 4 बजे पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके फोन पर किसी परिचित की कॉल आ गई और वे बात करते हुए आगे बढ़ने लगे। तभी पीछे से तेज़ रफ़्तार बाइक पर आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारा और राहुल के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी की ओर फरार हो गए। घटना से आहत पीड़ित ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट डालकर नोएडा पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरी वारदात: चौड़ा गांव के पास IT कर्मी युवती से iPhone 17 की लूट
लूट की दूसरी सनसनीखेज वारदात थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के चौड़ा गांव के पास तड़के करीब 6 बजे हुई। एक आईटी (IT) कंपनी में कार्यरत युवती अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थी। पीड़िता के मुताबिक, बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पहले कुछ दूर तक उसका पीछा किया और मौका मिलते ही उसके हाथ से iPhone 17 छीनकर भागने लगे। युवती ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन बदमाश बाइक की रफ़्तार बढ़ाकर आंखों से ओझल हो गए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने महज एक महीने पहले ही यह महंगा फोन खरीदा था।दोनों ही मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमों का कहना है कि घटनास्थलों के आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से लुटेरों के भागने के रास्ते को ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए मोबाइल बरामद करने का दावा किया है।