Railway Minister planted a broom at the railway station : रेलवे स्टेशन पर रेल मंत्री ने लगाई झाड़ू
दिल्ली के निजामउद्दीन स्टेशन पर निरीक्षण के लिए पहंचे थे केंद्रीय रेल मंत्री
नई दिल्ली:- केंद्र की भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे अहम स्वच्छ भारत मिशन रहा है। इसी मिशन के तहत इन दिनों सरकार द्वारा गांधी जयंती तक स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली के हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी देख कर उन्होंने खुद ही झाड़ू उठा ली और स्टेशन पर सफाई शुरू कर दी। रेल मंत्री को सफाई करते देखते हुए अन्य अधिकारी भी साफ-सफाई करने लगे। इस मौके पर रेल मंत्री ने कहा कि सभी रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई और यात्रियों को दी जाने वाली सभी सुविधाओं को लेकर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन को लेकर उन्होंने कहा कि यह दिल्ली का एक बड़ा स्टेशन है, हर जोर हजारों अंतरराज्यीय यात्री यहां से सफर करते हैं। ऐसे में स्टेशन की साफ-सफाई एक बड़ी चुनौती है, लेकिन यात्रिओं की सुविधा के लिए हमें स्टेशन की साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखना होगा।
रेल मंत्री ने रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज, स्टेशन और पटरियों की साफ सफाई, समेत यात्रियों को दी जाने वाली तमाम सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन और पटरियों पर साफ-सफाई और रेलगाड़ियों के कोचों को डिसइनफेक्ट करने के निर्देश दिए। हालांकि इसके लिए रेलवे प्रशासन की ओर से पहले से ही काम किया जा रहा है जिसके लिए यूवीसी मशीन का इस्तेमाल किया जाता है। इसके साथ ही हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के फुटओवर ब्रिज पर दी जाने वाली सभी सुविधाओं और साफ-सफाई को लेकर भी रेलमंत्री ने जायजा लिया।
