गौतम बुद्ध नगर में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जगह-जगह जलभराव के बीच अब सबसे बड़ा सवाल स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठ रहा है। आखिर ऐसे हालात में क्या जिला प्रशासन को स्कूलों में अवकाश पर विचार नहीं करना चाहिए?
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | “बच्चों को स्कूल भेजें… या घर में सुरक्षित रखें?”
गौतम बुद्ध नगर में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बाद यह सवाल हजारों अभिभावकों के मन में घूम रहा है। बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गई हैं, जगह-जगह जलभराव है और लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह स्कूल जाने के समय सबसे अधिक चिंता बच्चों को लेकर देखने को मिली। कई स्थानों पर सड़कों पर इतना पानी भर गया कि यह समझना मुश्किल हो गया कि नीचे सड़क है, गड्ढा है या खुली नाली। ऐसे में छोटे बच्चों के स्कूल आने-जाने को लेकर अभिभावकों की चिंता स्वाभाविक है।
बारिश में भीगने से वायरल बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। वहीं, जलभराव के कारण फिसलन, खुले मैनहोल या गड्ढों जैसी संभावित समस्याएं दुर्घटना की आशंका बढ़ा सकती हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर भी कई लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं और प्रशासन से हालात की समीक्षा करने की मांग कर रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल…
लोग पूछ रहे हैं कि यदि मौसम लगातार खराब बना रहता है और जलभराव की स्थिति बनी रहती है, तो क्या जिला प्रशासन को बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के संबंध में कोई निर्णय लेना चाहिए? क्या हालात सामान्य होने तक विशेष दिशा-निर्देश या अवकाश पर विचार किया जाना चाहिए?
प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती
एक ओर लगातार हो रही बारिश से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखना, दूसरी ओर आम लोगों, खासकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पानी निकासी, खुले मैनहोल और खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए।
फिलहाल, स्कूलों में अवकाश को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। यदि इस संबंध में कोई आदेश जारी होता है, तो News Diary Today कोशिश करेगा की आपको सबसे पहले अवगत कराया जाए।
आपकी राय क्या है?
क्या लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति में गौतम बुद्ध नगर के स्कूलों में अस्थायी छुट्टी घोषित की जानी चाहिए? अपनी राय हमें कमेंट करके जरूर बताइए।
