ग्रेटर नोएडा में फ्लैट के नाम पर निवेशकों से करोड़ों रुपये वसूलने वाले अंसल हाईटेक टाउनशिप के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। 77.66 करोड़ की बकायेदारी के मामले में कंपनी के तीन और निदेशकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अब तक चार निदेशक सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
News Diary Today | Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा न्यूज़ | घर का सपना दिखाकर निवेशकों की गाढ़ी कमाई हड़पने वाले बिल्डरों के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने अपना शिकंजा और कस दिया है। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (UP RERA) के 77.66 करोड़ रुपये से अधिक के बकाये की वसूली को लेकर दादरी तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंसल हाईटेक टाउनशिप लिमिटेड के तीन और निदेशकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए निदेशकों की पहचान श्रीराम, अलीम और तस्लीम के रूप में हुई है, जिन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बता दें कि अंसल हाईटेक टाउनशिप का दादरी क्षेत्र में एक बड़ा आवासीय प्रोजेक्ट है। कंपनी ने इस प्रोजेक्ट में घर देने के नाम पर सैकड़ों निवेशकों से करोड़ों रुपये लिए थे, लेकिन तय समय सीमा बीत जाने के बावजूद खरीदारों को फ्लैट पर कब्जा नहीं दिया गया। परेशान निवेशकों ने न्याय के लिए यूपी रेरा का दरवाजा खटखटाया। सुनवाई के बाद रेरा ने बिल्डर के खिलाफ खरीदारों का पैसा ब्याज सहित लौटाने के आदेश दिए और भुगतान न करने पर वसूली प्रमाण पत्र (RC) जारी किए।
प्रशासन की सख्ती और पिछली कार्रवाई!
बिल्डर कंपनी पर यूपी रेरा की आरसी के कुल 77 करोड़ 66 लाख 80 हजार 434 रुपये (ब्याज सहित) बकाया हैं। दादरी तहसील प्रशासन द्वारा बार-बार मांग-पत्र (डिमांड नोटिस) जारी करने और पूर्व में संपत्ति सील करने की कार्रवाई के बावजूद बिल्डर प्रबंधन ने बकाया राशि जमा नहीं की।इससे पहले 30 अक्टूबर को भी राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने इसी मामले में कंपनी के एक अन्य निदेशक बंटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब तीन और निदेशकों (श्रीराम, अलीम और तस्लीम) की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में जेल जाने वाले निदेशकों की संख्या चार हो गई है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि निवेशकों का पैसा लौटाने तक बकायेदार बिल्डरों के खिलाफ कुर्की, नीलामी और गिरफ्तारी की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी।