चाइल्ड पीजीआई नोएडा को मिली नई कमान : केजीएमयू के वरिष्ठ बाल शल्य चिकित्सक प्रो. (डॉ.) जे. डी. रावत ने संभाला निदेशक का कार्यभार।

नोएडा के चाइल्ड पीजीआई को नया स्थायी निदेशक मिल गया है। KGMU लखनऊ के वरिष्ठ बाल शल्य चिकित्सक प्रो. (डॉ.) जे. डी. रावत ने निदेशक का कार्यभार संभाल लिया है। उनके अनुभव और नेतृत्व से संस्थान में आधुनिक उपचार सुविधाओं, शोध और बाल चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | उत्तर प्रदेश के प्रमुख बाल चिकित्सा संस्थान पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ चाइल्ड हेल्थ (PGICH), नोएडा (चाइल्ड पीजीआई) को नया स्थायी नेतृत्व मिल गया है। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), लखनऊ के पीडियाट्रिक सर्जरी (बाल शल्य चिकित्सा) विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) जिलेदार (जे. डी.) रावत ने आज संस्थान के नए निदेशक के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया है। बता दें कि डॉ. रावत की इस नियुक्ति से उत्तर प्रदेश के चिकित्सा और शैक्षणिक जगत में उत्साह का माहौल है। केजीएमयू के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग और विभिन्न चिकित्सा संगठनों ने इसे उनके लंबे अनुभव, प्रशासनिक कुशलता और बाल चिकित्सा के प्रति समर्पण का सम्मान बताया है।नोएडा स्थित चाइल्ड पीजीआई में 16 से अधिक सुपर-स्पेशियलिटी विभाग संचालित हैं। डॉ. रावत के नेतृत्व में संस्थान में जटिल बाल शल्य चिकित्सा, शोध कार्यों और आधुनिक उपचार सुविधाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की उम्मीद है।

डॉ. जे. डी. रावत की उपलब्धियां!

डॉ. जे. डी. रावत को हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित ‘IAPSCON 2026’ सम्मेलन में पीडियाट्रिक सर्जरी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘IAPS के. सी. सोगानी मेडल’ से सम्मानित किया गया था।केजीएमयू लखनऊ में विभागाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने ओपीडी सेवाओं के विस्तार, अलग इमरजेंसी व इलेक्टिव ऑपरेशन थिएटर (OT) की व्यवस्था, और पीडियाट्रिक यूरोलॉजी व न्यूरो सर्जरी जैसे विशेष क्लीनिक शुरू करने में अहम भूमिका निभाई थी। वह न केवल एक कुशल सर्जन हैं, बल्कि मेडिकल शिक्षा और नए शोधकर्ताओं को तैयार करने के लिए भी जाने जाते हैं। उनका यह अनुभव चाइल्ड पीजीआई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सबसे बेहतरीन बाल चिकित्सा केंद्र बनाने में मददगार साबित होगा।

Author