Noida News: नोएडा स्टेडियम इस बार छठी मैया के जयकारों से गूंजेगा। प्रवासी महासंघ की ओर से छठ महापर्व पर भव्य आयोजन किया जा रहा है। 60×120 फीट के छठ कुंड में गंगाजल की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुरक्षा के लिए 100 से अधिक वॉलेंटियर तैनात रहेंगे। आयोजन में कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियां भी शामिल होंगी।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | नोएडा और दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है। प्रवासी महासंघ नोएडा की ओर से 11 नवंबर 2026 को नोएडा स्टेडियम में छठ पूजनोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले छठी मैया के श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया गया है। महासंघ की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, धार्मिक परंपराओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रवासी महासंघ के अध्यक्ष आलोक वत्स ने बताया कि विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी छठ महापर्व पूरी श्रद्धा, आस्था और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, प्रकृति, लोक संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। इसी भावना के साथ महासंघ हर वर्ष इस पर्व का आयोजन करता है।
गंगाजल से भरा जाएगा अस्थायी छठ कुंड, अस्ताचलगामी और उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नोएडा स्टेडियम में विशेष रूप से अस्थायी छठ कुंड तैयार कराया जा रहा है। महासंघ के अनुसार, इस कुंड को सामान्य जल के साथ गंगाजल से भी भरा जाएगा। व्रती इसी कुंड में खड़े होकर छठ महापर्व की पारंपरिक विधि के अनुसार अस्ताचलगामी सूर्य और अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकेंगे।
महासंघ के महासचिव अवधेश राय ने बताया कि व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। छठ घाट के चारों तरफ सीढ़ीनुमा व्यवस्था बनाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सूर्यदेव को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। घाट की व्यवस्था इस तरह की जा रही है कि श्रद्धालु आसानी से पूजा-अर्चना कर सकें।
देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ आयोजन में भारतीय लोक संस्कृति और कला की झलक भी देखने को मिलेगी। इसके लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम में डॉ. (विदुषी) अनू सिन्हा, कथक गुरु एवं उनकी टीम द्वारा कथक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं लोक गायक आलोक पांडेय ‘गोपाल’ और लोक गायिका अंशिका सिंह अपनी गायकी से सांस्कृतिक कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगे।
इन प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण के साथ भारतीय लोक संगीत और सांस्कृतिक विरासत का अनुभव मिलेगा।
100 से अधिक वॉलेंटियर संभालेंगे व्यवस्था, ड्रोन से होगी निगरानी
छठ महापर्व में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है। प्रवासी महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं छठ घाट संयोजक विकास तिवारी ने बताया कि इस वर्ष छठ घाट का आकार लगभग 60×120 फीट रखा जा रहा है। आयोजन स्थल पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए 100 से अधिक वॉलेंटियर तैनात रहेंगे।
उन्होंने बताया कि पूरे परिसर की निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा छठ कुंड में गंगाजल के साथ ताजे गुलाब के फूल भी डलवाए जाएंगे, जिससे घाट का वातावरण और अधिक सुंदर एवं भक्तिमय बनाया जा सके।
महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे छठ घाट पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। वॉलेंटियर्स के अलावा निजी सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र होंगे मुख्य अतिथि, डॉ. महेश शर्मा और पंकज सिंह भी होंगे शामिल
प्रवासी महासंघ की ओर से आयोजित इस भव्य छठ महापर्व में कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियां शामिल होंगी।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय कलराज मिश्र (पूर्व सांसद एवं राज्यपाल) उपस्थित रहेंगे। वहीं अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. महेश शर्मा (पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्धनगर सांसद) शामिल होंगे।
इसके अतिरिक्त नोएडा विधायक श्री पंकज सिंह और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती विमला बाथम सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी गई है।
प्रवासी समाज के सुख-दुख में सहभागी बनना महासंघ का मूल उद्देश्य: टीएन चौरसिया
प्रवासी महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष टीएन चौरसिया ने कहा कि महासंघ का मूल उद्देश्य अपनी माटी से दूर रह रहे प्रवासियों के सुख-दुख में सहभागी बनना है। दिल्ली-एनसीआर में रहने वाला कोई भी प्रवासी स्वयं को अकेला न समझे, इसके लिए महासंघ हर परिस्थिति में उसके साथ खड़ा रहने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व जैसे आयोजन समाज को जोड़ने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
आयोजन में महासंघ के पदाधिकारी और सदस्य रहेंगे मौजूद
इस अवसर पर प्रवासी महासंघ के अध्यक्ष आलोक वत्स, कार्यकारी अध्यक्ष टीएन चौरसिया, महासचिव अवधेश राय, कोषाध्यक्ष श्रीमती छाया राय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं छठ घाट संयोजक विकास तिवारी, मिथिलेश राय, विजय कुमार सिंह, मीनाक्षी साही, अभिनव पांडेय, अनुज त्रिपाठी, कमलेश तिवारी, आकाश तिवारी, मृत्युंजय त्रिपाठी, नितांत चौधरी, सत्य रंजन कुमार, श्रवण तिवारी सहित महासंघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहेंगे।
प्रवासी महासंघ ने दिल्ली-एनसीआर के सभी छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं एवं पूर्वांचल सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आकर नोएडा और आसपास रहने वाले लोगों से इस भव्य छठ महापर्व में शामिल होने की अपील की है।
