1 नवंबर को होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ महारैली को सफल बनाने के लिए यूपी कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कंट्रोल रूम के सदस्यों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लखनऊ/नोएडा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ महारैली को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट गई हैं। इसी क्रम में 31 अक्टूबर 2026 को उन्होंने महारैली के आयोजन को लेकर कंट्रोल रूम के सदस्यों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में रैली की व्यवस्थाओं, विभिन्न जिलों से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समन्वय और आयोजन से जुड़ी तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कंट्रोल रूम के सदस्यों से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से विभिन्न जिलों से महारैली में शामिल होने वाले कांग्रेसजनों की संख्या, उनसे संपर्क स्थापित करने, कार्यक्रम से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता के लिए आपसी तालमेल, बेहतर प्रबंधन और प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण होती है। इसलिए महारैली से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, जिससे कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।
महारैली के सफल आयोजन में कंट्रोल रूम की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए आराधना मिश्रा मोना ने सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जाए। आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियों का बेहतर तरीके से समन्वय किया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में कंट्रोल रूम के सदस्यों ने प्रदेश अध्यक्ष को तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी और महारैली को सफल बनाने के लिए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करने का भरोसा दिलाया।
बैठक में ये कांग्रेस नेता रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में कंट्रोल रूम वेस्ट जोन के प्रभारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओंकारनाथ सिंह, कंट्रोल रूम के सदस्य एवं स्टेट कोऑर्डिनेटर तथा नोएडा कांग्रेस नेता सतेन्द्र शर्मा, नोएडा महानगर महासचिव रामकुमार शर्मा, गाजियाबाद के पूर्व अध्यक्ष मनोज कौशिक, पीसीसी सदस्य सूरज झा और सेवादल के विक्रांत परासर उपस्थित रहे।