‘राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026’ से सम्मानित हुए नोएडा के डॉ. महिपाल सिंह।

न्यूज़ डायरी टुडे,नोएडा।

सेक्टर-73 निवासी वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट एवं समाजसेवी डॉ. महिपाल सिंह को जयपुर में आयोजित एक भव्य राष्ट्रीय सम्मान समारोह में ‘राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान यश इंडिया द्वारा आयोजित समारोह में उन्हें सेरेब्रल पालसी और लोकोमोटर दिव्यांगता से पीड़ित बच्चों व वयस्कों के उपचार, पुनर्वास, मानव सेवा और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके निरंतर, समर्पित और प्रभावशाली योगदान के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. महिपाल सिंह पिछले कई वर्षों से सेरेब्रल पालसी एवं लोकोमोटर दिव्यांगता से ग्रसित बच्चों और वयस्कों के उपचार व पुनर्वास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनका कार्य केवल चिकित्सीय उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना उनके कार्यों का प्रमुख उद्देश्य रहा है। उन्होंने अपने अनुभव और विशेषज्ञता के माध्यम से अनेक ऐसे बच्चों और व्यक्तियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है, जो कभी दैनिक कार्यों के लिए पूरी तरह दूसरों पर निर्भर थे।


डॉ. महिपाल सिंह के मार्गदर्शन में उपचार के साथ-साथ शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास, स्वावलंबन और सामाजिक सहभागिता को विशेष महत्व दिया जाता है। उनके प्रयासों से कई दिव्यांगजन न केवल शारीरिक रूप से सशक्त हुए, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनकर समाज में सम्मानजनक जीवन जीने लगे हैं।


उनकी सेवाओं, अनुभव और मानव कल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को देखते हुए चयन समिति ने सर्वसम्मति से उन्हें ‘राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026’ के लिए चुना। समारोह में उपस्थित अतिथियों और गणमान्य लोगों ने डॉ. महिपाल सिंह के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की और उन्हें समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद डॉ. महिपाल सिंह ने इस सम्मान को अपने मरीजों, परिवार और सहयोगियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें भविष्य में भी दिव्यांगजनों के उत्थान, पुनर्वास और मानव सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.