Noida News: गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर 6 एडीसीपी और एसीपी स्तर के PPS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। नई तैनातियों से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
नोएडा न्यूज़ | गौतमबुद्धनगर (नोएडा) पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक आवश्यकताओं और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार 6 एडीसीपी और एसीपी स्तर के पीपीएस (PPS) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। बता दें कि क्षेत्रीय चुनौतियों से निपटने, ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने और पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए अधिकारियों को निम्नलिखित नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस कमिश्नरेट के मुताबिक इस फेरबदल का प्राथमिक उद्देश्य क्षेत्रीय चुनौतियों के अनुरूप त्वरित निर्णय लेना,विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करना है।विशेष रूप से यातायात (Traffic) और फील्ड पोस्टिंग में किए गए इन बदलावों से आने वाले त्योहारी सीजनों में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और नोएडा-ग्रेटर नोएडा के ट्रैफिक प्रबंधन को काफी बल मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों की इस नई टीम से कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की उम्मीद जताई गई है।
किसको कहां मिली तैनाती?
1- राजेन्द्र कुमार गौतम (PPS): वर्तमान में प्रभारी पुलिस उपायुक्त (लाइन्स)/अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध/आंकिक/मॉनिटरिंग सेल) हैं। अब वे अपने मौजूदा भारी-भरकम दायित्वों के साथ-साथ सहायक पुलिस आयुक्त (आंकिक) के कार्यों का भी अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे।
2-राजीव कुमार सिसौदिया (PPS): इन्हें पुलिस आयुक्त के स्टाफ ऑफिसर (SO) के पद से हटाकर फील्ड की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) चतुर्थ, ग्रेटर नोएडा नियुक्त किया गया है
3-डॉ. रवि शंकर (PPS): पूर्व में सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात (नोएडा/सेंट्रल नोएडा) के पद पर कार्यरत थे। अब इन्हें फील्ड पोस्टिंग में भेजते हुए सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय, ग्रेटर नोएडा की कमान सौंपी गई है
4-मयंक तिवारी (PPS): कमिश्नरेट मुख्यालय से हटाकर इन्हें अब सहायक पुलिस आयुक्त द्वितीय, नोएडा के पद पर तैनात किया गया है।
5-पवन कुमार (PPS): इससे पहले सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात (ग्रेटर नोएडा) और स.पु.आ. (मुख्यालय/आंकिक) का कार्य देख रहे थे। अब इन्हें सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात (नोएडा/सेंट्रल नोएडा) का अहम जिम्मा दिया गया है।
6-शकील मोहम्मद (PPS): यह सहायक पुलिस आयुक्त (पुलिस लाइन्स) के पद पर बने रहेंगे और इसके साथ ही अब स.पु.आ. यातायात (ग्रेटर नोएडा) के दायित्वों का भी अतिरिक्त निर्वहन करेंगे।