Noida Haat : भारत सरकार का सरस आजीविका मेला 2023 शुरू

:- 18 फरवरी को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे उद्घाटन

:- 17 दिन तक नोएडा हाट में रहेगी भारत सरकार के सरस मेले की धूम

:- ग्राहकों और बच्चों की सुविधा के लिए इस बार किए गए हैं खास इंतजाम


नोएडा :- नोएडा सैक्टर-33 ए स्थित नोएडा हाट में केंद्र सरकार का तीसरा सरस आजीविका मेला शुक्रवार, 17 फरवरी से प्रारंभ हो गया है, जो 05 मार्च तक प्रतिदिन नियमित प्रात: 11 बजे से रात्रि 09 बजे तक आयोजित होगा। मेले का विधिवत उद्घाटन महाशिवरात्रि के अवसर पर शनिवार, 18 फरवरी को दोपहर 3:00 बजे किया जाएगा। जिसमें केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री गिरिराज सिंह मुख्य अतिथि होंगे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के तौर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ग्रामीण विकास एवं इस्पात फग्गन सिंह कुलस्ते तथा केंद्रीय ग्रामीण विकास, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री साध्वीनि रंजन ज्याेति उपस्थित रहेंगी। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय और राष्ट्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडीपीआर) द्वारा आयोजित इस सरस आजीविका मेला 2023 में ग्रामीण भारत की शिल्प कलाओं का मुख्य रूप से प्रदर्शन किया जाएगा। एनआईआरडीपीआर के सहायक निदेशक चिरंजीलाल कटारिया ने बताया कि केंद्र सरकार के सरस आजीविका मेले का आयोजन प्रतिवर्ष देशभर के सभी राज्यों में किया जाता है। इसी कड़ी में नोएडा में यह तीसरा आयोजन है। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी से 05 मार्च 2023 तक चलने वाले इस उत्सव में नोएडा के नोएडा हाट में मौजूद क़रीब 27 राज्यों के 300 से अधिक महिला शिल्प कलाकार, जो परंपरा, हस्तकला एवं ग्रामीण संस्कृति तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं, इसके साथ ही 85 से ज्यादा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। सरस मेले वर्ष 1999 से निरंतर आयोजित हो रहे हैं। इन मेलों के माध्यम से लाखों महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। यही नहीं स्थानीय स्तर पर भी मेले में इस बार हैंडलूम तथा हैंडीक्राफ्ट के उत्पाद शामिल किए गए है, जो लोगों को आकर्षित करेंगे। बच्चों के खेलकूद व मनोरंजन के लिए भी संसाधन मौजूद रहेंगे। मेले में दिल्ली-नोएडा सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लाखों दर्शक व ग्राहक भाग लेंगे। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से तमाम व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इंडिया फूड कोर्ट सरस आजीविका मेले में आकर्षण का केंद्र रहेगा। जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों के व्यंजन परोसे जाएंगे। इस बार महत्त्वपूर्ण इंडिया फ़ूड कोर्ट में देश भर के 20 राज्यों की 80 गृहणियों का समूह अपने प्रदेश के प्रसिद्ध क्षेत्रीय व्यंजनों के स्टाल लगाएंगी जिसमें हर प्रदेश के क्षेत्रीय व्यंजनों के स्वाद का अनोखा आनंद प्राप्त होगा। राजस्थानी कैर सागरी गट्टे की सब्ज़ी से लेकर बंगाल की फ़िश करी, तेलंगाना का चिकन, बिहार की लिट्टी चोखा, पंजाब का सरसों का साग व मक्के की रोटी, प्राकृतिक खाद्य उत्पाद, हरियाणा के बाजरे व ज्वार के लड्डू बिस्कुट, कर्नाटक व जम्मू कश्मीर के ड्राई फ्रूट सहित पूरे भारत के पकवान मौजूद रहेंगे। 01 मार्च से 05 मार्च तक मिलेट्स फीस्ट का भी आयोजन किया जाएगा।