ग्रेटर नोएडा के बहुचर्चित किसान इस्माइल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए बहेलिया गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रबूपुरा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, खेत में धान की फसल चोरी का विरोध करने पर किसान की हत्या की गई थी।
News Diary Today | Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा न्यूज़ | रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने बहुचर्चित किसान इस्माइल हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए बहेलिया गैंग के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। रविवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में दो बदमाश राजकुमार और सचिन पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर उनके दो अन्य साथियों कमल और हरेन्द्र को भी मौके से दबोच लिया। बता दें कि बीते 9 नवंबर की रात मेहंदीपुर गांव निवासी किसान इस्माइल रुस्तमपुर गांव के पास अपने खेत में धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान फसल चोरी करने आए बदमाशों का इस्माइल ने विरोध किया। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर बेरहमी से उनकी हत्या कर दी थी और शव को खेत में ही छोड़कर फरार हो गए थे। सुबह जब परिजन खेत पर पहुंचे, तो खून से लथपथ शव देखकर इलाके में हड़कंप मच गया था।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी!
मामले के खुलासे के लिए रबूपुरा पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। रविवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में राजकुमार और सचिन के पैर में गोली जा लगी। पुलिस ने मौके से घायल बदमाशों समेत उनके साथी कमल और हरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद किया है। पकड़े गए सभी आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और फसल चोरी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।