ग्रेटर नोएडा PNB घोटाला:अब CBI संभालेगी कमान, पीड़ितों को ब्याज समेत वापस मिलेगी पाई-पाई

ग्रेटर नोएडा के PNB करोड़ों रुपये के घोटाले में अब CBI ने जांच की कमान संभाल ली है। वहीं, बैंक ने पीड़ित खाताधारकों को बड़ी राहत देते हुए पूरी रकम ब्याज समेत लौटाने का भरोसा दिया है। आखिर कैसे हुआ इतना बड़ा घोटाला और किसे मिलेगी राहत? जानिए पूरी खबर।

नोएडा न्यूज़ : पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक स्थानीय शाखा में हुए करोड़ों रुपये के सनसनीखेज हेराफेरी मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। इस बड़े वित्तीय घोटाले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय एजेंसी ने मामले की कमान अपने हाथ में ले ली है। वहीं, धोखाधड़ी के शिकार हुए खाताधारकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। बैंक प्रबंधन ने साफ किया है कि किसी भी खाताधारक का पैसा डूबने नहीं दिया जाएगा। बता दें कि बैंक के रीजनल जोनल मैनेजर राजेश भौमिक ने मामले पर आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि बैंक ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती कदम के तहत तीन प्रभावित ग्राहकों की पूरी रकम सुरक्षित लौटा दी गई है।भौमिक ने बाकी खाताधारकों को आश्वस्त करते हुए कहा, “जांच प्रक्रिया पूरी होते ही सभी प्रभावित खाताधारकों की पूरी रकम ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी। बैंक अपने ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

क्या है पूरा मामला?

ग्रेटर नोएडा स्थित पीएनबी की इस शाखा में आंतरिक मिलीभगत से ग्राहकों के खातों से करोड़ों रुपये उड़ाए जाने का मामला सामने आया था।शुरुआती आंतरिक ऑडिट में हेराफेरी की पुष्टि होने के बाद बैंक प्रशासन में हड़कंप मच गया था।मामले के तार गहरे और रकम बड़ी होने के कारण अब सीबीआई इस रैकेट के मास्टरमाइंड और इसमें शामिल बैंक अधिकारियों व बाहरी कड़ियों की तलाश में जुट गई है।सीबीआई की एंट्री के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि इस घोटाले के पीछे छिपे बड़े चेहरों का जल्द ही पर्दाफाश होगा। बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और जांच में सहयोग करें।

Author