नोएडा में 13 नवंबर से तीन दिवसीय ‘अपने-अपने राम’ महोत्सव शुरू होने जा रहा है। वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में डॉ. कुमार विश्वास श्रीराम के जीवन प्रसंगों को काव्य और संगीत के जरिए प्रस्तुत करेंगे। खास बात यह है कि कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | भगवान श्रीराम के जीवन दर्शन, आदर्शों और मर्यादा की गाथा को काव्य, संगीत और ओजस्वी वाणी के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए नोएडा में तीन दिवसीय विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। देश के प्रख्यात कवि एवं लोकप्रिय वक्ता डॉ. कुमार विश्वास पहली बार नोएडा में अपनी चर्चित श्रीराम कथा ‘अपने-अपने राम’ का वाचन करेंगे। यह आयोजन 13 से 15 नवंबर 2026 तक सेक्टर-38ए स्थित वर्ल्ड्स ऑफ वंडर (WOW) परिसर में आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि इस तीन दिवसीय आयोजन में श्रद्धालुओं, साहित्य प्रेमियों और आम नागरिकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
काव्य, संगीत और विचारों के संग सुनाई देगी श्रीराम की जीवन गाथा
डॉ. कुमार विश्वास की ‘अपने-अपने राम’ केवल एक पारंपरिक धार्मिक कथा नहीं है, बल्कि यह भगवान श्रीराम के जीवन, उनके चरित्र, आदर्शों, त्याग, संघर्ष और मानवीय मूल्यों को समकालीन सामाजिक संदर्भों में समझने का एक विशेष प्रयास है। अपनी विशिष्ट काव्यात्मक शैली, प्रभावशाली प्रस्तुति और ओजस्वी वाणी के लिए पहचान रखने वाले डॉ. कुमार विश्वास इस कथा के माध्यम से श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रेरक प्रसंगों को श्रोताओं के सामने प्रस्तुत करेंगे।
इस आयोजन में काव्य और संगीत का भी विशेष समन्वय देखने को मिलेगा। कथा के माध्यम से श्रीराम के चरित्र में समाहित मर्यादा, करुणा, धैर्य, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और पारिवारिक मूल्यों जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों को जनमानस तक पहुंचाना है।
नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर के लोगों में उत्साह
‘अपने-अपने राम’ की लोकप्रियता देश के विभिन्न शहरों में देखने को मिली है। ऐसे में पहली बार नोएडा में इस कथा के आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं, युवाओं और साहित्य एवं काव्य प्रेमियों के बीच खास उत्साह रहने की उम्मीद है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
विशाल आयोजन स्थल और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
सेक्टर-38ए स्थित वर्ल्ड्स ऑफ वंडर परिसर में आयोजित होने वाले इस महोत्सव के लिए आयोजकों की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में श्रोताओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए विशाल पंडाल, पार्किंग और सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
15 नवंबर तक चलेगा तीन दिवसीय महोत्सव
नोएडा में 13, 14 और 15 नवंबर को आयोजित होने वाला यह महोत्सव आध्यात्मिकता, साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा का अनूठा संगम बनने जा रहा है। निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था के चलते नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के अधिक से अधिक लोग इस आयोजन में शामिल हो सकेंगे।
हालांकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और श्रोताओं के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, हालांकि आयोजन स्थल पर प्रवेश पाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। जो लोग किसी कारणवश आयोजन स्थल पर नहीं पहुंच सकेंगे, उनके लिए कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु घर बैठे ही डॉ. कुमार विश्वास के श्रीराम कथा वाचन का आनंद ले सकें।
