स्कूल की जमीन पर पूर्व प्रधान ने कब जाकर लगवाया बाजार, हल्दोनी ग्राम वासियों ने प्रशासन से लगाई गुहार

:- लगभग 4 वर्षों से चल रहा है पूरा मामला

:- स्कूल की जमीन पर पूर्व प्रधान ने कब्जा कर लगवाया बाजार

नोएडा :- गौतमबुद्ध नगर में भूमाफिया सरकारी जमीन पर नजरें गड़ाकर बैठे हैं। मौका मिलते ही अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। अब एक बड़ा मामला ग्रेटर नोएडा के हल्दोनी गांव में सामने आया है। गांव के पूर्व प्रधान ने अपने परिवार और कुछ दूसरे लोगों के साथ मिलकर प्राइमरी पाठशाला की जमीन पर कब्जा कर लिया है। इस जमीन पर बाकायदा अवैध बाजार लगाया जा रहा है। टिनशेड डालकर अस्थाई दुकानें बना दी गई हैं। इनसे हर महीने लाखों रुपए किराया वसूल किया जा रहा है। इतना ही नहीं एसडीएम और तहसीलदार के आदेश इन लोगों के लिए बेमायने हैं। गांव वालों ने एक बार फिर जिला प्रशासन से शिकायत की है। प्राइमरी स्कूल की जमीन को माफिया के चंगुल से मुक्त करवाने की मांग की है।

जाने क्या है पूरा मामला

हल्दोनी गांव में प्राइमरी पाठशाला ग्राम समाज की जमीन गाटा संख्या 684 और 746 पर बनी है। एडवोकेट राकेश नागर का कहना है, “भूमाफिया ने स्कूल की जमीन पर कब्जा कर लिया है। यह भूमाफिया पूर्व प्रधान योगेंद्र, उसके भाई उमेश, मनोज और गजेंद्र हैं। इन लोगों ने प्राइमरी पाठशाला की जमीन पर अवैध कच्चा निर्माण कर लिया है। जिसमें 2 दुकान टिनशेड डालकर बनाई हैं। बड़ी संख्या में ठेली, पटरी और अवैध बाजार लगवा रखा है। जिससे लाखों रुपए किराया वसूल किया जा रहा है।”

ग्रामीण ताहिर अली ने पूर्व प्रधान पर लगाया आरोप

ग्रामीण ताहिर अली ने बताया, “हमारे गांव में पूर्व में तैनात रहे पटवारी की मिलीभगत से इस करतूत को अंजाम दिया गया है। गरीब बच्चों का हक छीन लिया गया है। पूर्व प्रधान ने इस करतूत को अंजाम दिया है। प्राइमरी पाठशाला की जमीन को खाली कराया जाए। जिसमें प्राइमरी पाठशाला के पीछे बच्चे खेलकूद सकें। प्राइमरी पाठशाला की भूमि खसरा संख्या 684/746 हल्दोनी में है। यहां पूर्व दिशा में स्कूल बना है। पश्चिम दिशा में सरकारी स्कूल की खाली भूमि है, जो बच्चों के प्लेग्राउंड के लिए है। उस पर भूमाफिया का कब्जा है।”

प्रशासन ने 4 साल पहले खाली करवाई थी जमीन

ग्रामीण आकिल ने बताया कि पूर्व प्रधान और उसके भाई सरकारी जमीन से लाखों रुपए महीना किराया वसूल रहे हैं। लोगों ने दिनांक 3 जुलाई 2018 को एक प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ मिलकर पटवारी ने जमीन खाली करवाई थी। इसके बाद 16 जुलाई 2019 को एक प्रार्थना पत्र तहसील दिवस में दिया गया। जिस पर 5 अगस्त 2019 को पटवारी ने रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में योगेंद्र आदि का अवैध निर्माण दिखाया गया है। 28 सितंबर 2019 को राजस्व विभाग की टीम गठित की गई। इसके बाद 26 फरवरी 2020 को जमीन खाली करवाने के लिए यह टीम गठित की गई। 4 सितंबर 2020 को फिर टीम का गठन किया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गांव वालों ने 28 अक्टूबर 2020 को तहसील दिवस में एक और प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर 31 अक्टूबर 2020 को राजस्व टीम ने नई रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी और बताया कि योगेंद्र, उमेश, गजेंद्र और मनोज ने प्राइमरी पाठशाला की जमीन पर कब्जा कर रखा है। कुल मिलाकर दादरी तहसील के अधिकारी यह तो मानते हैं कि जमीन पर कब्जा है, लेकिन उसे हटाने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

तहसीलदार ने आरोपियों पर किया था भारी-भरकम जुर्माना

दादरी तहसील से मिली जानकारी के मुताबिक प्राइमरी पाठशाला की जमीन पर कब्जा करने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमे में आदेश पारित किया जा चुका है। इस मामले में 9 नवम्बर 2020 को योगेंद्र आदि पर 58,50,000 का जुर्माना लगाया गया है। इस पैसे की वसूली करने के लिए स्थानीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को आदेश दिए गए हैं। पटवारी की ओर से आरोपियों को रिकवरी का नोटिस दिया गया है। 30 दिसम्बर 2020 को नोटिस दिया गया कि 7 दिनों के अंदर प्राइमरी पाठशाला से अवैध निर्माण हटा लिया जाए। आदेश का पालन नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बस कागजों और फाइलों के अलावा जमीनी स्तर पर हो कार्रवाई

ग्रामीण ताहिर अली का कहना है कि करीब 4 वर्षों से दादरी तहसील के अफसर कागज और फाइलों में ही दौड़ रहे हैं। जमीन पर कोई कार्यवाही अभी तक नहीं की गई है। दूसरी तरफ प्राइमरी पाठशाला की जमीन पर बदस्तूर भूमाफिया का कब्जा है। अवैध बाजार रोजाना लगता है। वहां काम करने वाले दुकानदारों से नियमित वसूली हो रही है। प्रशासनिक अधिकारी एक के बाद एक आदेश जारी कर रहे हैं। बार-बार टीम गठित कर रहे हैं, लेकिन कार्यवाही कुछ नहीं हो रही है। प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे अपने हकों से वंचित हैं। गांव वाले परेशान हैं।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *