नोएडा: न्यूज़ डायरी टुडे में प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। सेक्टर-58 स्थित ‘द पिज़्ज़ा डिलाइट हब’ पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक छापेमारी कर पिज़्ज़ा और बर्गर के सैंपल जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए हैं। असिस्टेंट कमिश्नर सर्वेश कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब जांच रिपोर्ट के आधार पर रेस्टोरेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकती है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ । न्यूज़ डायरी टुडे में प्रकाशित खबर का असर । सेक्टर-58 स्थित ‘द पिज़्ज़ा डिलाइट हब’ में परोसे जा रहे पिज़्ज़ा और बर्गर की गुणवत्ता को लेकर प्रकाशित समाचार और प्राप्त शिकायत का संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को रेस्टोरेंट पर औचक छापेमारी की।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट के किचन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान तैयार किए जा रहे पिज़्ज़ा और बर्गर के नमूने (सैंपल) एकत्रित किए गए। साथ ही कच्चे माल, खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्वच्छता मानकों की भी विस्तार से जांच की गई। सभी नमूनों को विधिवत सील कर राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है, जहां उनकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच की जाएगी।
असिस्टेंट कमिश्नर सर्वेश कुमार ने दिखाई तत्परता
खाद्य सुरक्षा विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर सर्वेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अधिकारियों की टीम गठित की और रेस्टोरेंट पर कार्रवाई कराई। उनके निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्रित किए और उन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया।
सर्वेश कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो संबंधित रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ भारी जुर्माना, लाइसेंस निलंबन अथवा लाइसेंस निरस्त करने जैसी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
जनस्वास्थ्य से समझौता नहीं : सर्वेश कुमार
खाद्य सुरक्षा विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर सर्वेश कुमार का कहना है कि नोएडा में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। विशेष अभियान के तहत ऐसे प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
News Diary Today में यह मामला प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और लगभग 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। विभाग द्वारा सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। अब सभी की निगाहें प्रयोगशाला की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
