ग्रेटर नोएडा। साइबर ठगी के मामलों में गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बार फिर तेज़ कार्रवाई का उदाहरण पेश किया है। साइबर सेल ने महज 8 दिनों में पीड़ित के ठगी गए ₹1 लाख वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल की, जिसके बाद पीड़ित ने डीसीपी रवि शंकर निम और पुलिस टीम का आभार जताया।
ग्रेटर नोएडा | पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की साइबर सेल ने साइबर ठगी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री रवि शंकर निम के पर्यवेक्षण में साइबर सेल ने मात्र 8 दिनों के भीतर पीड़ित की ठगी गई 1,00,000 रुपए की धनराशि वापस करा दी। बता दें कि पीड़ित ने साइबर सेल ग्रेटर नोएडा में ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें साइबर अपराधियों ने विभिन्न तरीकों से 1 लाख रुपए की ठगी कर ली थी।शिकायत मिलते ही साइबर सेल की टीम ने तत्काल तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। टीम ने संबंधित बैंक एवं अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। लगातार प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित की पूरी 1 लाख रुपए की धनराशि सफलतापूर्वक होल्ड कराकर वापस कराई गई और धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ित ने डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री रवि शंकर निम से भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान पीड़ित ने साइबर सेल ग्रेटर नोएडा की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का धन्यवाद दिया। पीड़ित ने कहा कि समयबद्ध पुलिस कार्रवाई के कारण उनकी मेहनत की कमाई सुरक्षित वापस मिल सकी।
पुलिस की ख़ास अपील!
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश, डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी अपडेट, ओटीपी, यूपीआई अथवा बैंकिंग फ्रॉड जैसी साइबर घटनाओं का शिकार होने पर बिना विलंब किए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने कहा कि समय रहते शिकायत करने पर धनराशि सुरक्षित कराई जा सकती है और पुलिस ने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।