नोएडा के सेक्टर-108 में अखिल भारतीय सफाई मजदूर गरीब उत्थान यूनियन के नए मुख्य कार्यालय का भव्य उद्घाटन हुआ। देशभर से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रमिक कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और गरीब परिवारों के उत्थान के लिए नई योजनाओं का संकल्प लिया।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | समाज के कल्याण एवं श्रमिकों के अधिकारों के लिए समर्पित ‘अखिल भारतीय सफाई मजदूर गरीब उत्थान यूनियन’ के नवनिर्मित मुख्य कार्यालय का सेक्टर-108, नोएडा में भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में देशभर से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बता दें कि इस मुख्य कार्यालय का उद्घाटन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र प्रधान एवं देश के विभिन्न राज्यों से आए समर्पित कार्यकर्ताओं के कर-कमलों द्वारा सामूहिक रूप से किया गया। संगठन ने बताया कि यह नया कार्यालय भविष्य में देशव्यापी गतिविधियों, श्रमिक कल्याण योजनाओं और नीतिगत निर्णयों का मुख्य केंद्र बनेगा और इस गरिमामयी कार्यक्रम में हरियाणा पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन बोर्ड के वाइस चेयरमैन अफसर रावल जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए सफाई कर्मियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।उद्घाटन समारोह में संगठन के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र यादव जी और राष्ट्रीय महासचिव स्वीटी त्यागी जी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा,राजस्थान, दिल्ली,बिहार समेत कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष,पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र प्रधान ने कहा, “यह कार्यालय केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि लाखों सफाई मजदूरों और गरीब परिवारों की उम्मीदों का केंद्र है। यहां से श्रमिकों के हक, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के लिए नई योजनाएं बनाई जाएंगी। हमारा लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।”

भविष्य की योजनाएं!
संगठन ने घोषणा की कि नए कार्यालय से सफाई कर्मियों के लिए बीमा योजना, बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, कौशल विकास प्रशिक्षण और कानूनी सहायता केंद्र शुरू किए जाएंगे। साथ ही केंद्र और राज्य सरकारों के साथ मिलकर नीतिगत स्तर पर भी श्रमिकों की आवाज उठाई जाएगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और सभी कार्यकर्ताओं द्वारा समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ।