नोएडा में सनसनी:डिस्चार्ज होने से पहले सरकारी अस्पताल से 3 दिन की नवजात बच्ची चोरी, CCTV में कैद हुई संदिग्ध महिला।

Noida News: नोएडा के भंगेल स्थित सरकारी अस्पताल से महज 3 दिन की नवजात बच्ची चोरी होने से हड़कंप मच गया। सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर एक संदिग्ध महिला बच्ची को लेकर फरार हो गई। CCTV फुटेज में महिला अस्पताल से बाहर निकलती और बाइक सवार के साथ जाती दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस बच्ची की तलाश में जुटी है।
News Diary Today | Noida News
Noida News | नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र के भंगेल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के मैटरनिटी चाइल्ड हॉस्पिटल (MCH) विंग से शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल से छुट्टी (डिस्चार्ज) मिलने से ठीक पहले, 3 दिन की एक नवजात बच्ची को एक शातिर महिला चोरी करके फरार हो गई। इस घटना के बाद से पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मचा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि भंगेल निवासी सपना ने तीन दिन पहले ही इस अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे अस्पताल से उनकी छुट्टी होने वाली थी। डिस्चार्ज की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए मां जांच कराने डॉक्टर के पास गई हुई थी।इसी दौरान बच्ची अपनी नानी और पिता गौतम के पास थी। वहां मौजूद एक अज्ञात महिला ने परिवार को सरकारी मदद और योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया। वह पिछले दो दिनों से अस्पताल में चक्कर काट रही थी और परिवार से मेलजोल बढ़ा रही थी। महिला ने बच्ची को खिलाने के बहाने अपनी गोद में लिया और मौका मिलते ही उसे लेकर रफूचक्कर हो गई।
CCTV फुटेज में खुली पोल, बाइक सवार के साथ हुई फरार?
जब काफी देर तक महिला बच्ची को लेकर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अस्पताल में बच्ची के न मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस ने जब अस्पताल के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें चौंकाने वाला नजारा दिखा। संदिग्ध महिला बच्ची को अपनी बाहों में छिपाकर वॉर्ड से बाहर निकलते हुए साफ नजर आ रही है। अस्पताल के बाहर निकलते ही वह पहले से तैयार एक बाइक सवार युवक के साथ बैठकर तेजी से फरार हो गई।इस वारदात ने भंगेल सरकारी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े एक अंजान महिला वॉर्ड में घुसकर नवजात को लेकर चली जाती है और सुरक्षाकर्मियों को भनक तक नहीं लगती।
पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं!
घटना की गंभीरता को देखते हुए फेज-2 थाना पुलिस के साथ-साथ आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने अज्ञात महिला और उसके बाइक सवार साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों के भागने वाले रूट को ट्रेस किया जा रहा है।पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।


