नोएडा पुलिस ने कम ब्याज पर लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 3 युवतियों समेत 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रोसेसिंग फीस के नाम पर लोगों से रकम ऐंठकर मोबाइल बंद कर फरार हो जाते थे।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़। नोएडा में भोले-भाले लोगों को कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ठगने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ है।पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना फेज-1 पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस टीम को यह बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मौके से तीन युवतियों सहित 5 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि यह गैंग सेक्टर-2 के डी-80 (प्रथम तल) में अवैध कॉल सेंटर चला रहा था। आरोपी जरूरतमंद लोगों को फोन करके सस्ते लोन का लालच देते थे। इसके बाद फाइल प्रोसेसिंग फीस के नाम पर मोटी रकम ऐंठते थे और झांसे में लेकर आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक डिटेल हासिल करते थे।पैसा ट्रांसफर होते ही मोबाइल नंबर बंद कर देते थे।
2500 मोबाइल और 159 बैंक खाते रडार पर?
NCRP पोर्टल और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने करीब 159 संदिग्ध बैंक खातों और 19 रेड जोन में एक्टिव 2500 मोबाइल नंबरों को चिन्हित किया था। इसी जांच के दौरान इस फर्जी कॉल सेंटर का सुराग मिला। गिरफ्तार आरोपियों (पवन कुमार, मोहित, हर्ष शर्मा, स्वाती और प्रीति) के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 10 से ज्यादा साइबर शिकायतें पहले से दर्ज हैं।पुलिस टीम ने फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर अपराध में इस्तेमाल होने वाला लैपटॉप 3,मोबाइल फोन 5 चालू हैंडसेट,डेटा शीट 160 कॉलिंग डेटा शीट ग्राहकों के नंबर तथा 11 स्क्रिप्ट बुक (बात करने का तरीका), 1 बिलिंग बुक और 1 इंटरनेट राउटर बरामद की है।
‘देश के कई राज्यों में दर्ज हैं गिरफ्तार आरोपियों पर केस : एडीसीपी मनीषा सिंह
एडिशनल डीसीपी (ADCP) नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त महोदया के निर्देशन में नोएडा जोन में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर और NCRP (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) से प्राप्त शिकायतों के आधार पर तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया था। जांच के दौरान सेक्टर-2 में संचालित हो रहे एक अवैध और फर्जी कॉल सेंटर की सटीक लोकेशन मिली, जहां से जरूरतमंद लोगों को कम ब्याज दर पर लोन देने का प्रलोभन देकर ठगा जा रहा था।थाना फेज-1 पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी की और मौके से 3 युवतियों समेत कुल 5 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अपराध में प्रयुक्त भारी मात्रा में डेटा शीट, लैपटॉप, कॉलिंग स्क्रिप्ट बुक्स और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया है कि इन आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में पहले से ही कई साइबर शिकायतें दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है और इस रैकेट के अन्य कड़ियों की तलाश के लिए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”