नोएडा की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में 23वीं मंजिल से गिरकर पिता-पुत्र की मौत हो गई। खाटू श्याम जाने की तैयारी कर रहे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। हादसे की वजह सीढ़ी का संतुलन बिगड़ना बताई जा रही है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। महागुन मायवुड्स सोसाइटी की 23वीं मंजिल से गिरकर पिता और उनके मासूम बेटे की मौत हो गई। इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा बालकनी में लगे पौधों से फूल तोड़ने के दौरान सीढ़ी का संतुलन बिगड़ने से हुआ।
जानकारी के अनुसार, सोसाइटी में रहने वाले रणदीप पात्रा दिल्ली सचिवालय में उच्च पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह उन्हें खाटू श्याम जाना था, जहां एक प्लॉट की रजिस्ट्री करानी थी। इसी सिलसिले में वह सुबह जल्दी उठे और अपने बेटे आरभ को भी जगा दिया, ताकि दोनों समय से निकल सकें।
बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र नहाने और तैयार होने के बाद यात्रा पर निकलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान रणदीप पात्रा ने अपने बेटे आरभ से पूजा के लिए बालकनी में लगे पौधों से फूल तोड़ने को कहा। बालकनी की दीवार पर ऊपर की ओर गमले लगे हुए थे। फूलों तक हाथ नहीं पहुंचने पर आरभ ने वहां एक सीढ़ी लगाई और उस पर चढ़कर फूल तोड़ने की कोशिश करने लगा।
इसी दौरान अचानक सीढ़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसल गई। इससे आरभ का संतुलन भी बिगड़ गया और वह बालकनी की ग्रिल पकड़कर नीचे गिरने से खुद को बचाने की कोशिश करने लगा। वह ग्रिल से लटक गया और डर के कारण चीखने लगा।
बेटे की आवाज सुनकर रणदीप पात्रा तुरंत बालकनी की ओर दौड़े। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि उनका मासूम बेटा बालकनी से नीचे लटक रहा है। बेटे को बचाने के लिए उन्होंने उसका हाथ पकड़कर उसे ऊपर खींचने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनका अपना संतुलन भी बिगड़ गया।
देखते ही देखते पिता और बेटा दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पूरी महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शोक और मातम का माहौल है।
जिस घर से सुबह खाटू श्याम के दर्शन और जरूरी काम के लिए निकलने की तैयारियां हो रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। एक छोटी-सी घटना ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी।