गार्डन गैलेरिया के बार में ‘लाइटर’ पर खूनी संघर्ष, शराब के नशे में युवक को बेरहमी से पीटा : 4 पर FIR

Noida Garden Galleria Fight : नोएडा के चर्चित गार्डन गैलेरिया मॉल में एक लाइटर मांगने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मौसम बार में शराब के नशे में हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी है।

Noida News : नोएडा के सेक्टर 38ए स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल (जीआईपी मॉल) के ‘मौसम बार’ में लाइटर मांगने जैसी मामूली बात पर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. शराब के नशे में धुत दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूसे बरसाए. बार के स्टाफ और बाउंसरों के बीच-बचाव करने के बाद भी हंगामा शांत नहीं हुआ। अंततः मौके पर पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ. इस मारपीट में दिल्ली के प्रहलादपुर निवासी सौरभ पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर 39 थाना पुलिस ने विक्रम आदित्य समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि दिल्ली की विश्वकर्मा कॉलोनी (प्रहलादपुर) के रहने वाले निखिल पासवान के भाई सौरभ पासवान 14 जून को अपने दोस्तों के साथ मौसम बार में पार्टी करने आए थे और बार में सौरभ की मुलाकात विक्रम आदित्य और उसके दोस्तों से हुई, जहां लाइटर लेने की बात पर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई और शुरुआत में सौरभ शांत रहे, लेकिन कुछ देर बाद विक्रम आदित्य उन्हें घूरने लगा. विरोध करने पर विक्रम और उसके दोस्तों ने अभद्रता शुरू कर दी और सौरभ के दोस्त ने जब इस व्यवहार का विरोध किया, तो आरोपियों ने मिलकर सौरभ पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया और इस हमले में सौरभ के सिर, चेहरे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. इलाज कराने के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

एडीसीपी मनीषा सिंह बोलीं- विक्रम आदित्य समेत चार के खिलाफ केस दर्ज, हमलावरों की पहचान के लिए खंगाले जा रहे हैं सीसीटीवी फुटेज

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल स्थित ‘मौसम बार’ में लाइटर मांगने को लेकर हुए विवाद था और पीड़ित सौरभ पासवान की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी विक्रम आदित्य समेत कुल चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत सेक्टर 39 थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की सटीक पहचान के लिए पुलिस टीम घटनास्थल (मौसम बार) और उसके आसपास लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है और शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर अभद्रता और मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपना रही है। पहचान पूरी होते ही सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और मॉल और बार के प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी हुड़दंगबाजी और हिंसा की घटनाओं को रोका जा सके।

Author