नोएडा के एक अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में आधी रात मरीज और उसकी पत्नी के साथ अभद्रता और इलाज से इनकार करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर अस्पताल प्रशासन ने ड्यूटी पर तैनात तीन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। CMS ने दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | अस्पताल के आकस्मिक (इमरजेंसी) विभाग में उपचार के लिए आए एक मरीज और उसकी पत्नी के साथ कर्मचारियों द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कर्मचारियों से जवाब तलब किया है। बता दें कि पीड़ित द्वारा 16 नवंबर 2026 को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, वह उस रात करीब 12:00 बजे अपनी पत्नी (बदला हुआ नाम: प्रीति) का इलाज कराने के लिए अस्पताल के आकस्मिक विभाग में पहुंचे थे। पीड़ित का आरोप है कि वहां मौजूद तीन कर्मचारियों ने एकजुट होकर उनके साथ बेहद अभद्र और अमानवीय व्यवहार किया। कर्मचारियों ने मरीज का इलाज करने से साफ इनकार करते हुए कहा कि वहां कोई भी उनका उपचार नहीं करेगा।
सीएमएस को फोन करने पर दी बाहर निकालने की धमकी!
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि जब स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने फोन पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) से संपर्क करने का प्रयास किया, तो संबंधित कर्मचारियों ने उन पर और उनकी पत्नी पर बदतमीजी से चिल्लाते हुए उन्हें विभाग से बाहर चले जाने को कहा।
प्रशासन की कार्रवाई!
शिकायत का संज्ञान लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने इसे घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता माना है। प्रशासन की ओर से तीनों कर्मचारियों को आदेश जारी कर निर्धारित समय के भीतर अपना स्पष्टीकरण (जवाब) प्रस्तुत करने को कहा गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने या दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. अशोक झा ने कहा है कि आकस्मिक विभाग में आए मरीज और उनके परिजनों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या इलाज से इनकार करना बेहद गंभीर और अस्वीकार्य है। पीड़ित की लिखित शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए ड्यूटी पर तैनात तीनों संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अस्पताल में मरीजों को बेहतर और संवेदनशील उपचार उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों का जवाब आने के बाद यदि वे दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”