नोएडा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई : 237 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, हरियाणा से मणिपुर जा रहा ट्रक पकड़ा।

नोएडा में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में हरियाणा से मणिपुर ले जाई जा रही लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

:- नॉलेज पार्क में संयुक्त टीम की छापेमारी, 20 लाख की शराब बरामद; चालक गिरफ्तार, तस्करी गिरोह पर कड़ी नजर।

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

नोएडा। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर चल रहे प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत गौतम बुद्ध नगर आबकारी विभाग, प्रवर्तन टीम मेरठ और थाना नॉलेज पार्क पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है।
दिनांक 25 अप्रैल 2026 को नॉलेज पार्क-3 क्षेत्र में शारदा गोल चक्कर से रेलवे क्रॉसिंग की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक अशोक लीलैंड ट्रक (HR 38 WS 6194) को रोका गया। जांच के दौरान ट्रक में लकड़ी के बॉक्स के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
टीम को ट्रक से “इंपीरियल ब्लू हैंड पिक्ड ग्रेन व्हिस्की” ब्रांड की कुल 237 पेटी शराब मिली। बरामद सभी बोतलों पर “For Sale in Haryana Only” अंकित था, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि शराब को अवैध रूप से दूसरे राज्यों में सप्लाई किया जा रहा था। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक लाखाराम पुत्र जोधाराम, निवासी ग्राम कानासर, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को मौके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह फर्जी बिल्टी के जरिए ऑटो पार्ट्स के नाम पर हरियाणा से शराब लोड कर बिहार और पश्चिम बंगाल के रास्ते मणिपुर पहुंचाने जा रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराबबंदी वाले राज्यों और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में सप्लाई के लिए तस्कर यूपी-एनसीआर को ट्रांजिट कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।

इस मामले में थाना नॉलेज पार्क में आरोपी चालक, ट्रक मालिक और संबंधित डिस्टिलरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। ट्रक को सीज कर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई कार्यवाही : जिला आबकारी अधिकारी
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार सख्त अभियान चला रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि यूपी-एनसीआर क्षेत्र को शराब तस्करी के कॉरिडोर के रूप में उपयोग करने वाले गिरोहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।