ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुए सनसनीखेज किन्नर हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके पैर में गोली लगी है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई को लेकर एडीसीपी ग्रेटर नोएडा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया।
न्यूज़ डायरी टुडे, ग्रेटर नोएडा |
Noida News : थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने दो दिन पहले हुए किन्नर हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। बता दें कि बीती 24 मई 2026 को नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के ग्राम तुगलपुर में एक किन्नर मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की थीं और 26 मई 2026 को पुलिस टीम को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली। सेक्टर-148 मेट्रो लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी गोलीबारी में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया और दबोचे गए बदमाश की पहचान अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव (उम्र 26 वर्ष), पुत्र चतर सिंह वर्तमान पता: ग्राम तुगलपुर, थाना नॉलेज पार्क, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है और आरोपी के कब्जे से 01 अवैध तमंचा, 01 खोखा कारतूस और 01 जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ है। वहीं घायल अभियुक्त को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नॉलेज पार्क थाना पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास (क्रिमिनल रिकॉर्ड) को खंगालने में जुटी है ताकि अन्य मामलों में भी उसकी संलिप्तता का पता लगाया जा सके।
हत्या की सूचना मिलने के महज़ 48 घंटों के भीतर नॉलेज पार्क पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा : एडीसीपी ग्रेटर
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार द्वारा बताया गया कि
थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तुगलपुर में 24 मई को एक किन्नर, मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया,पंचायतनामा की कार्रवाई की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।मृतका के सिर पर चोट के निशान पाए गए थे, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की गहनता से जांच शुरू की। इस जघन्य हत्याकांड के अनावरण और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए थाना नॉलेज पार्क पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी।आज दिनांक 26 मई 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि घटना को अंजाम देने वाला मुख्य अभियुक्त सेक्टर-148 मेट्रो लाइन की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते से भागने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियुक्त की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से अवैध असलहे से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ (जवाबी कार्रवाई) में चलाई गई गोली अभियुक्त के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव (उम्र 26 वर्ष), निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है, जो वर्तमान में तुगलपुर में ही रह रहा था।अभियुक्त के कब्जे से घटना में इस्तेमाल अवैध तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा इसके आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही।