October 3, 2026

कोरोना काल में दिवंगत पत्रकारों को नोएडा मीडिया क्लब की भावभीनी श्रद्धांजलि, MLA पंकज सिंह ने कहा- योगदान सदैव रहेगा स्मरणीय।

1003209273_11zon

नोएडा न्यूज़ | कोरोना महामारी के कठिन दौर में पत्रकारिता का दायित्व निभाते हुए दिवंगत हुए पत्रकारों की स्मृति में नोएडा मीडिया क्लब की ओर से शुक्रवार को सेक्टर-73 स्थित स्मृति वन में श्रद्धांजलि सभा एवं स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने की।

कार्यक्रम में स्मृति वन में स्थापित स्मारक पर दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान कोरोना काल की उन कठिन परिस्थितियों को याद किया गया, जब संक्रमण के खतरे के बीच पत्रकार लगातार मैदान में रहकर आमजन तक सूचनाएं पहुंचाने और जनहित के मुद्दों को उठाने में जुटे रहे।

नोएडा विधायक पंकज सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान पत्रकारों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखा। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश संकट के दौर से गुजर रहा था, तब पत्रकारों ने जोखिम उठाकर लोगों तक सूचनाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। दिवंगत पत्रकारों का योगदान समाज और पत्रकारिता जगत के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।

नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने कहा कि कोरोना काल में बिछड़े पत्रकार साथी केवल पत्रकारिता जगत की क्षति नहीं, बल्कि पूरे समाज की अपूरणीय क्षति हैं। उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखना और उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

स्मृति वन में बनाया गया है पत्रकारों की याद में स्मारक

नोएडा मीडिया क्लब द्वारा कोरोना महामारी के दौरान दिवंगत हुए पत्रकारों की स्मृतियों को संजोने और उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से स्मृति वन में स्मारक का निर्माण कराया गया है। यह स्मारक कठिन परिस्थितियों में पत्रकारों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण की स्मृति को संजोए हुए है।

श्रद्धांजलि सभा का माहौल भावुक रहा। उपस्थित लोगों ने दिवंगत पत्रकार साथियों को नमन करते हुए पत्रकारिता के मूल्यों और उनके योगदान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में मीडिया क्लब के महासचिव जय प्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष अमित चौधरी, सचिव जगदीश शर्मा, कोषाध्यक्ष मनोज वत्स, कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद शर्मा के अलावा वरिष्ठ पत्रकार आरपी रघुवंशी, मोहम्मद आजाद, विनोद शर्मा और वीरेंद्र मलिक मौजूद रहे।

इसके अलावा सांसद डॉ. महेश शर्मा के प्रतिनिधि संजय बाली, नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकास जैन, मानव सेवा समिति के अध्यक्ष यूके भारद्वाज, संयुक्त किसान मोर्चा के सुखबीर खलीफा, किसान नेता अशोक चौहान, ओम प्रकाश गुर्जर, अमित अवाना, भाजपा नेता अशोक चौहान, सपा नेता चौधरी जयकरण सिंह, बबलू चौहान और अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के महानगर अध्यक्ष अजय पांडे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में नोएडा के वरिष्ठ पत्रकारों एवं फोटो जर्नलिस्टों की भी उपस्थिति रही। दिनेश शर्मा, अमरीश त्रिपाठी, हरवीर चौहान, संदीप गर्ग, पवन राज, के आसिफ, रिंकू यादव, अजब सिंह यादव, वरुण श्रीवास्तव, हिमांशु, संगीता, अश्वनी श्रीवास्तव, हरी, अशोक दुबे, हेमेंद्र सिंह, राजेश शर्मा और निशांत शर्मा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

Author

You may have missed