Noida News : MPL सीजन–5 का रोमांचक समापन,महर्षि यूनिवर्सिटी ने जीता खिताब।

न्यूज़ डायरी टुडे,नोएडा।
महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (MUIT) द्वारा आयोजित महर्षि प्रीमियर लीग (MPL) – सीजन 5 का भव्य समापन रविवार को एक अत्यंत रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। दिल्ली–एनसीआर के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के इस अंतिम दिन दर्शकों को उच्च स्तरीय क्रिकेट, कड़ी प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का शानदार संगम देखने को मिला। खचाखच भरे मैदान में हर गेंद के साथ रोमांच चरम पर रहा और मुकाबला अंत तक सांस रोकने वाला बना रहा।
फाइनल मुकाबले में बैनेट यूनिवर्सिटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 156 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी महर्षि यूनिवर्सिटी की टीम ने दबाव में भी संयम नहीं खोया और आक्रामक व संतुलित खेल का प्रदर्शन करते हुए 7 गेंदें शेष रहते हुए 3 विकेट से जीत दर्ज कर ली। अंतिम ओवरों में मुकाबला बेहद करीबी हो गया था, लेकिन महर्षि यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों ने अनुभव और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए जीत सुनिश्चित की।
मैच में महर्षि यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी मोहित ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन किया। उन्होंने महत्वपूर्ण मौके पर 54 रनों की बेहतरीन पारी खेली और गेंदबाजी में भी एक अहम विकेट हासिल किया। उनके इस उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया, जिसकी दर्शकों और टीम प्रबंधन ने भरपूर सराहना की।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनिंदर सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की यूनिवर्सिटी लीग युवा खिलाड़ियों के लिए किसी वर्ल्ड कप से कम नहीं होती। ऐसे मंच से खिलाड़ियों को न केवल प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिलता है, बल्कि वे अपने खेल को निखारकर भविष्य में बड़े स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस अवसर पर महर्षि यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि महर्षि प्रीमियर लीग हर वर्ष नए मानक स्थापित कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले सीजन में यह टूर्नामेंट और भी भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें दिल्ली–एनसीआर की 16 के बजाय 24 टीमें भाग लेंगी। इससे युवाओं को अधिक अवसर और प्रतिस्पर्धा का व्यापक मंच मिलेगा।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]