जेवर में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से CNH इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ रुपये के ट्रैक्टर प्लांट की आधारशिला रखी। यीडा क्षेत्र में 100 एकड़ में बनने वाली इस फैक्ट्री से 1,200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा/जेवर न्यूज़ । गौतमबुद्धनगर के जेवर में औद्योगिक विकास को बड़ी रफ्तार मिलने जा रही है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-8 में CNH इंडस्ट्रियल कंपनी करीब 1,200 करोड़ रुपये के निवेश से आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट स्थापित करेगी। इसके लिए कंपनी को 100 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से परियोजना की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल होकर प्लांट की आधारशिला रखी। इस परियोजना से करीब 1,200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से भी रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
जेवर बन रहा निवेश का बड़ा केंद्र: योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि जेवर आज भारत के ‘गहने’ के रूप में निवेश के लिए सबसे बेहतर स्थान बन चुका है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा क्षेत्र के तेजी से हो रहे विकास से यह पूरा इलाका बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति तथा कानून-व्यवस्था में सुधार से निवेश का बेहतर माहौल तैयार हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश की पहचान और ब्रांड बन चुका है। यहां कंपनियां बुलडोजर और ट्रैक्टर बनाएंगी तो देश-विदेश में इनकी मांग भी बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जेवर और यीडा क्षेत्र में एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है।
यूपी में 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने बीते साढ़े नौ वर्षों में विकास की नई पहचान बनाई है। कभी बीमारू राज्यों में गिने जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। वहीं, आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 7.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जल्द जमीन पर उतारने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच चुकी है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है। डीरेग्युलेशन के मामले में प्रदेश देश में पहले स्थान पर है।
ट्रैक्टर और कृषि मशीनरी निर्माण को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि CNH इंडस्ट्रियल का यह प्लांट प्रदेश में कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक विनिर्माण को नई गति देगा। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस परियोजना से कृषि मशीनरी निर्माण के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के सहयोग से युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित किया जा रहा है। आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे नए क्षेत्रों में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने परियोजना को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से कंपनी को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने क्या कहा?
कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तेजी से हो रहा औद्योगिक विकास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और स्पष्ट नीतियों का परिणाम है। मजबूत कानून-व्यवस्था और सरकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि नोएडा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, सेमीकंडक्टर और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। बड़े उद्योगों के साथ एमएसएमई, छोटे उद्यमियों और स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं को भी इसका लाभ मिल रहा है।
किसानों और युवाओं को मिलेगा फायदा: बलदेव सिंह औलख
कृषि एवं कृषि शिक्षा राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। हजारों फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं और कई अन्य औद्योगिक परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं।
उन्होंने कहा कि जेवर में स्थापित होने वाली यह औद्योगिक इकाई उद्योग, व्यवसाय और किसानों की बेहतरी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने कंपनी के चेयरमैन, निदेशकों और प्रबंधन को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही यहां ट्रैक्टरों का निर्माण शुरू होगा, जिससे किसानों को बेहतर कृषि सुविधाएं मिल सकेंगी।
100 एकड़ में स्थापित होगा आधुनिक विनिर्माण प्लांट
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर-8 में स्थापित होने वाली इस परियोजना के लिए CNH इंडस्ट्रियल को 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी इसमें करीब 1,200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। प्रस्तावित प्लांट में आधुनिक तकनीक से ट्रैक्टरों का निर्माण किया जाएगा।
परियोजना के शुरू होने से करीब 1,200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। इसके अलावा परिवहन, सप्लाई चेन, स्थानीय कारोबार और अन्य सहायक सेवाओं के माध्यम से अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे। इससे जेवर और आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद उपस्थित रहे।
इसके अलावा CNH के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की चेयरपर्सन लेडी सुजेन हेवुड, CNH के सीईओ गैरेट मार्क्स, CNH के प्रेसिडेंट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर नरेंद्र मित्तल, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह और CNH के निदेशक (मैन्युफैक्चरिंग) रवि कुंद्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शासन, प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा क्षेत्र के किसान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
