टैक्सी ड्राइवर और फेरीवाला मिलकर लगाते थे जनता को चूना, नोएडा सेक्टर-20 पुलिस ने दबोचा।

नोएडा सेक्टर-20 पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। टैक्सी चालक और फेरीवाले की आड़ में दोनों भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों के मोबाइल चोरी करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 49 चोरी के मोबाइल और 2 अवैध चाकू बरामद किए हैं।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | नोएडा पुलिस कमिश्नरेट की मुस्तैदी के चलते थाना सेक्टर-20 पुलिस को मोबाइल चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से विभिन्न क्षेत्रों से चोरी किए गए 49 मोबाइल फोन और 2 अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।बता दें कि एडीसीपी मनीषा सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 को सेक्टर-18 के सामने स्थित एक पार्क के पास से दोनों अभियुक्तों को घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की (उम्र 39 वर्ष, निवासी मुल्तानी ढाडा, पहाड़गंज, दिल्ली) और आसिफ (उम्र 24 वर्ष, निवासी राशिद अली गेट, लोनी, गाजियाबाद) के रूप में हुई है और पुलिस पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपी विक्की पेशे से एक टैक्सी चालक है, जबकि आसिफ कपड़ों की फेरी लगाने का काम करता है। ये दोनों अपने काम के दौरान मेट्रो स्टेशनों और अन्य भीड़भाड़ वाले बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर रेकी करते थे। जैसे ही इन्हें मौका मिलता, ये बेहद शातिराना अंदाज में भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की जेब से मोबाइल फोन उड़ाकर गायब हो जाते थे।पुलिस द्वारा बरामद किए गए 49 मोबाइल फोनों की जब बारीकी से जांच की गई, तो उनमें से एक वीवो (Vivo) कंपनी का फोन थाना सेक्टर-24 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित पाया गया। इसके अलावा कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाकों से भी कई मोबाइल चोरी करने की बात कबूल कर ली है।

पुराना आपराधिक इतिहास?

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी कई गंभीर मामलों में जेल जा चुके है वहीं विक्की दिल्ली के पहाड़गंज थाने में इसके खिलाफ लूट और मारपीट, तथा पाण्डवनगर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं तथा आसिफ इसके खिलाफ मथुरा के वृंदावन थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा पहले से दर्ज है।

असली मालिकों को लौटाए जाएंगे फोन?

नोएडा पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि चोरों के इस गिरोह से जुड़े अन्य साथियों और इनके पूरे नेटवर्क की सघनता से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा बरामद किए गए सभी 49 मोबाइलों के ईएमईआई (IMEI) नंबरों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी मोबाइलों को उनके असली मालिकों को कानूनी प्रक्रिया के तहत सौंप दिया जाएगा।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]