रोटरी क्लब द्वारा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दान : स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की पहल


:- नोएडा में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंदों को चिकित्सा सहायता प्रदान करने की ओर कदम

नोएडा :- सेक्टर-27 स्थित होटल फॉर्च्यून इन में शनिवार को रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली ओखला सिटी द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जरूरतमंद मरीजों के लिए 10 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दान किए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों तक जीवनदायिनी चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कर चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाना है। रोटरी क्लब के सदस्य रोटेरियन सीए संभव और शैलजा मेहरा द्वारा इन कंसंट्रेटरों का दान किया गया, जिससे कोविड-19 और अन्य श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।

इस कार्यक्रम में फेलिक्स ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर, डॉ. रश्मि गुप्ता और डॉ. डी के गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में डॉ. रश्मि गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा समाज का आधार है और इसे हर व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब का यह प्रयास स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि फेलिक्स ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझता है और कोविड-19 महामारी के दौरान भी कई जनहितकारी कदम उठाए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और जरूरतमंदों को चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की ऐसी पहलों की महत्ता पर भी जोर दिया।

डॉक्टर डी के गुप्ता ने कहा

डॉ. डी के गुप्ता ने कहा कि रोटरी क्लब स्वास्थ्य सेवा में कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है, जिनमें ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग और वैक्सिनेशन शामिल हैं। उन्होंने क्लब के इन प्रोजेक्ट्स में भी सहयोग देने का आश्वासन दिया। रोटरी क्लब के सदस्य सीए संभव ने कहा कि कोविड-19 के दौरान ऑक्सीजन की कमी से मिली सीख के आधार पर भविष्य की आपात स्थितियों के लिए तैयार रहना आवश्यक है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाकर जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना है।

रोटरी क्लब की सदस्य शैलजा मेहरा और रोटरी क्लब के प्रेसिडेंट दीपक छाबरा ने फेलिक्स ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में ऐसे उपकरणों का होना जरूरी है, जो जरूरतमंदों को संकट के समय राहत पहुंचा सकें। उन्होंने इस दान को केवल एक पहल न मानकर, जरूरतमंदों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने समाज में स्वास्थ्य सुविधाओं की सुलभता बढ़ाने और अपने योगदान को जारी रखने का संकल्प लिया। रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली ओखला सिटी के अध्यक्ष, श्री कुशाग्र अवस्थी ने कहा कि उनका उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दान के साथ, क्लब ने गरीब और वंचित लड़कियों के लिए मैमोग्राफी और सर्वाइकल कैंसर की जांच की परियोजना भी शुरू की है, जिसमें फेलिक्स हॉस्पिटल एक प्रमुख सहयोगी होगा।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]