सावित्रीबाई फुले जयंती पर सपा नोएडा महानगर ने किया नमन।

✍️ योगेश राणा

न्यूज़ डायरी,नोएडा।

समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर द्वारा क्रांतिकारी शिक्षाविद एवं समाज सुधारक माता सावित्रीबाई फुले की जयंती बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम सपा महानगर कार्यालय, सेक्टर-73 ए स्क्वायर मॉल में आयोजित हुआ, जहां उनके चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने दलित और वंचित महिलाओं के लिए शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि “शिक्षा सबसे शक्तिशाली हथियार है, जिसके माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों, अन्याय और भेदभाव को समाप्त किया जा सकता है।” उन्होंने जीवनभर पीडीए समाज को जागरूक करने और सामाजिक समानता के लिए किए गए सावित्रीबाई फुले के संघर्ष को प्रेरणास्रोत बताया।


प्रदेश सचिव सुनील चौधरी एवं मुकेश यादव ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने बाल विवाह, सती प्रथा और जातिगत भेदभाव के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई। साथ ही उन्होंने विधवा पुनर्विवाह और अंतर्जातीय विवाह को बढ़ावा देकर सामाजिक सुधार की मजबूत नींव रखी। मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव और वीरपाल प्रधान ने कहा कि उस दौर में जब सामंतवादी सोच हावी थी, तब दलित महिलाओं को शिक्षित करने के उनके प्रयासों का तीव्र विरोध हुआ, यहां तक कि उन पर पत्थर और मैला भी फेंका गया, लेकिन वे अपने संकल्प से कभी विचलित नहीं हुईं।


अंबेडकर वाहिनी के अध्यक्ष हरपाल सिंह एवं राम सहेली ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने निरंतर संघर्ष करते हुए दलितों और शोषितों के उत्थान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। कार्यक्रम में सुनील चौधरी, रामवीर यादव, मुकेश यादव, गौरव कुमार यादव, दिव्यांशु यादव, वीरपाल प्रधान, राम सहेली, गौरव यादव, लोकपाल यादव, हरपाल सिंह, मंजीत यादव, विश्वजीत, प्रवीण, उत्कर्ष, जितेंद्र, दीपक, तरुण सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.